PALI SIROHI ONLINE
बीजापुर- निकटवर्ती कुमटिया ग्राम के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कक्षा कक्ष एवं बरामदे के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। यह निर्माण कार्य विद्यालय में लगभग 30 वर्षों से सेवाएं दे रहे शिक्षक ओमप्रकाश मारू (निवासी बेड़ा) द्वारा अपने निजी सहयोग से करवाया जा रहा है।
ओमप्रकाश मारू की प्रथम नियुक्ति से लेकर आज तक इसी विद्यालय में निरंतर सेवाएं देना उनके समर्पण और विद्यालय के प्रति गहरे लगाव को दर्शाता है। उनके इस अनुकरणीय प्रयास से विद्यालय के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ बैठने की अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी।
निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर सरपंच कुसाराम गरासिया, उप सरपंच करन सिंह चौहान, ग्राम विकास अधिकारी हितेश बामणिया, सह्ययक ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मण लाल सहित ग्रामवासियों ने ओमप्रकाश मारू का स्वागत किया। प्रधानाचार्य महावीर सिंह ने भी इस योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश देते हैं और अन्य भामाशाहों को भी आगे आने के लिए प्रेरित करते हैं।

