PALI SIROHI ONLINE
कालंद्री-कालंद्री को नई पंचायत समिति का दर्जा मिलने पर पंचायती राज विभाग के राज्य मंत्री ओटाराम देवासी और सांसद लुंबाराम चौधरी का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा कार्यकर्ताओं, ग्राम पंचायत और ग्रामीणों की ओर से कालंद्री के विवेकानंद सर्किल पर आयोजित किया गया। कालंद्री समिति के शिला लेख का पदार्पण किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित, प्रधान हंसमुख मेघवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी, उप प्रधान नारायण सिंह देलदर, जिला परिषद सदस्य मधु मेघवाल, पूर्व प्रधान प्रज्ञा कुंवर सहित वरिष्ठ भाजपा नेता गंगा सिंह राठौड़, कमलेश दवे, नैनसिंह पुरोहित, अमराराम प्रजापत, हीदाराम माली और हार्दिक देवासी मंच पर मौजूद रहे। सभी अतिथियों का अभिनंदन किया गया।
राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि कालंद्री को पंचायत समिति बनाने के लिए वाडेली और तेलपीखेड़ा को नई ग्राम पंचायत का दर्जा दिया गया है। उन्होंने इस कार्य में सांसद लुंबाराम चौधरी के सहयोग की सराहना की। देवासी ने विश्वास दिलाया कि इसी कार्यकाल में कालंद्री में तहसील, उपखंड, उप जिला अस्पताल और बस स्टैंड की स्थापना की जाएगी। उन्होंने पंचायत समिति के 15 सदस्यीय बोर्ड को भाजपा का बनाने का भी आह्वान किया।
सांसद लुंबाराम चौधरी ने बताया कि कालंद्री को पंचायत समिति बनाना अत्यंत आवश्यक था। उन्होंने कहा कि जालोर जिले की सीमा से जुड़े गांवों के लिए सिरोही पंचायत समिति की दूरी 60 से 65 किलोमीटर तक पड़ती थी। नई पंचायत समिति के गठन से विभिन्न सरकारी कार्यालय यहीं स्थापित होंगे, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत में ग्राम पंचायत कालंद्री के प्रशासक महिपाल सिंह देवड़ा ने पंचायत समिति के गठन पर आभार व्यक्त किया और तहसील, उपखंड, बस स्टैंड तथा उप जिला अस्पताल की स्थापना की मांग रखी। इससे पहले, कालंद्री सीनियर स्कूल से विवेकानंद सर्किल तक एक स्वागत यात्रा निकाली गई। अतिथियों को रथ में बिठाकर लाया गया और विवेकानंद सर्किल पर जेसीबी से पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सुरेश जुगनू वलदरा ने किया। इस अवसर पर दीपाराम पुरोहित, माधो सिंह परमार, कांतिलाल पुरोहित मंडवारिया, मगन प्रजापत, केराराम चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

