PALI SIROHI ONLINE
कालंद्री, सिरोही -मंगलवार सुबह कालंद्री थाना क्षेत्र के मोहब्बत नगर गांव में फुंगणी रोड पर एक तेज रफ्तार पिकअप ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
थानाधिकारी गंगाप्रसाद ने बताया कि मोहब्बत नगर निवासी प्रकाश पुत्र धर्माजी पुरोहित (62) अपनी बेटी कृष्णा (23) के साथ स्कूटी से मनरेगा कार्यस्थल जा रहे थे। कच्चे रास्ते से फुंगणी रोड पार करते समय तेज गति से आ रही पिकअप ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पिता-बेटी सड़क से दूर जा गिरे। प्रकाश पुरोहित की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि बेटी कृष्णा गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल कृष्णा को पहले कालंद्री अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें सिरोही रेफर किया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे भी रेफर किया गया है।
प्रकाश पुरोहित का शव कालंद्री अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया, पिकअप चालक की पहचान सुरेश पुत्र हकमाराम माली के रूप में हुई है और उसकी तलाश की जा रही है।
