
PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर शहर में पैसों के लेनदेन को लेकर बदमाशों ने एक युवक पर तलवार और लाठियों से हमला कर दिया। तलवार और लाठियों के ताबड़तोड़ वार से युवक लहूलुहान हो गया। घायल को लोगों ने हॉस्पिटल में भर्ती करवाया।
घटना सदर थाना क्षेत्र के माणक चौक से मकराना मोहल्ला जाने वाले रोड पर शनिवार रात करीब 12 बजे की है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें एक युवक को बदमाश बुरी तरह से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं।
धक्का देकर गिराया, फिर मारपीट की
सदर बाजार थाना एएसआई चैनसिंह भाटी ने बताया- माणक चौक मोहल्ला निवासी घायल युवक गिरीश आचार्य ने रिपोर्ट दी है। उसने बताया कि शनिवार शाम उसकी मोहल्ले में रहने वाले विनय आचार्य और विवेक आचार्य से पैसों के लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई थी। वह रात को ही पुलिस में लेनदेन के मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाने जा रहा था।
इसी बीच विनय और विवेक अपने साथ कई बदमाशों को लेकर आ गए। उसे धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद तलवार और लाठियों से जानलेवा हमला किया। हमले में सिर, पेट सहित शरीर के हिस्सों पर गंभीर चोट आई है।
लोगों ने पहुंचाया हॉस्पिटल
कॉलोनी से गुजर रहे अन्य लोगों को देखकर हमलावर भाग निकले। लोगों ने गिरीश को संभाला। निजी गाड़ी से इलाज के लिए राजकीय महात्मा गांधी अस्पताल लेकर गए। वहां से उसे मथुरादास माथुर अस्पताल ले जाया गया।
एएसआई ने बताया- घटना को लेकर 4 नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दी गई है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें विवेक आचार्य और विनय आचार्य हैं। विवेक और विनय भाई हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।