PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर। जिले के गुड़ा बिश्नोइयान गांव में गुरुवार तड़के पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां पति ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी की लोहे की ऐंगल से वार कर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव में आई 15 वर्षीय बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
सिर पर गंभीर चोट
पुलिस के अनुसार घटना अल सुबह करीब चार बजे की है। गुड़ा बिश्नोइयान निवासी बीरबलराम बिश्नोई और उसकी पत्नी गुड्डी देवी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर बीरबलराम ने पास पड़ी लोहे की ऐंगल उठाई और पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने से गुड्डी देवी लहूलुहान होकर गिर पड़ी।
बेटी के हाथ में फ्रैक्चर
मां पर हमला होता देख उनकी 15 साल की बेटी बीच-बचाव के लिए आगे आई, लेकिन आरोपी पिता ने उस पर भी हमला कर दिया। बेटी के हाथ में फ्रैक्चर हो गया और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजन तत्काल खून से लथपथ मां-बेटी को जोधपुर स्थित एम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद गुड्डी देवी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया।
बेटी का इलाज जारी
घायल बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर विवेक विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वहां मौजूद आरोपी पति बीरबलराम को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी खेती करता है और पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

