PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर शहर में होली के मौके पर दो दिन में आठ जगह विवाद और मारपीट के मामले दर्ज हुए। 2 और 3 मार्च को कई जगह दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया। शहर में इन मामलों को लेकर अलग-अलग थानों में मारपीट के केस दर्ज किए गए हैं। जोधपुर के मंडोर क्षेत्र में दो पक्षों में विवाद के बाद दो भाइयों के साथ मारपीट की गई। इसमें एक भाई के सिर में गंभीर चोट आई है।
वहीं शहर में एक बाइक सवार के साथ भी मारपीट की गई। घर के बाहर गालियां बोलने से टोकने पर बदमाशों ने एक युवक के साथ मारपीट की। इसी तरह शराब दुकान के बाहर एक युवक के साथ आरोपियों ने मारपीट कर बाइक और रुपए छीन लिए।
जोधपुर के मथानिया थाना क्षेत्र में आपसी विवाद को लेकर दो गुट भिड़ गए। इसे लेकर दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस मामले दर्ज करवाए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। पहले पक्ष के बीरा राम पुत्र हणुताराम माली निवासी निमड़ी बेरा ने बताया- मथानिया में 3 मार्च की शाम 6 से 7 बजे के बीच प्रकाश पुत्र धनाराम निवासी मथानिया और उसके साथियों ने उनके और उनके परिजनों के साथ मारपीट की।वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी मामला दर्ज करवाया गया। प्रकाश पुत्र धनाराम माली की ओर से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि 3 मार्च को करीब शाम 6 बजे मथानिया के रहने वाले हणुताराम ने उनके साथ मारपीट की। सोने की चेन और 20 हजार रुपए ले गए।
गालियां बोलने से मना करने पर मारपीट
जोधपुर के माता का थान इलाके में भी एक मारपीट का मामला सामने आया। यहां 2 मार्च को संत रविदास नगर भदवासिया में एक महिला के पति के साथ मारपीट की गई। इसे लेकर महिला ने नितेश, सोनू, दीपक राम और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। इसमें बताया कि बदमाश उनके घर के बाहर खड़े होकर गाली दे रहे थे, जिसका विरोध करने पर उसके पति के साथ मारपीट की गई।
वहीं माता का थान थाने में एक युवक की ओर से रिपोर्ट दी गई है। उसमें बताया कि गोकुल जी प्याऊ के पास बासनी तंबोलिया में 3 मार्च को भोमाराम सांगवा, सूरज गहलोत, देवेश भाटी निवासी पुरानी प्याऊ ने उनके साथ मारपीट कर चोट पहुंचाई।
शराब दुकान के बाहर बेटे को पीटा
रातानाडा थाने में इंदरसिंह पुत्र गोवर्धन माली ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसमें बताया कि शराब दुकान के बाहर उनके बेटे के साथ आरोपियों ने मारपीट की। वहीं बेटे की बाइक और रुपए छीनकर बदमाश चले गए। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
विवाद के बाद युवक पर हमला, सिर में आई गंभीर चोट
जोधपुर के मंडोर थाना क्षेत्र में होली के मौके पर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान एक पक्ष के साथ मारपीट की गई। इसमें एक युवक के सिर में गंभीर चोट लगी। घटना चैनपुरा बावड़ी में 3 मार्च की है। इसे लेकर नितेश गहलोत पुत्र नरपत सिंह गहलोत की ओर से रिपोर्ट दी गई। रिपोर्ट में बताया कि प्रियांशु प्रजापत, शैतान प्रजापत, रितिक शर्मा, रजत गहलोत, दीपक सांखला, रोहित प्रजापत ने मिलकर उसके और उनके भाई पर जानलेवा हमला कर मारपीट की। इससे उनके शरीर पर गंभीर चोट लगी।
टक्कर मारी, घर आकर किया हमला
महामंदिर थाने में बालकिशन पंवार की ओर से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि 3 मार्च की शाम 4 बजे महामंदिर तीसरी पोल के अंदर मेघवाल बस्ती में निखिल और उनके साथियों ने पहले उनकी गाड़ी को टक्कर मारी। इसके चलते उनकी पत्नी गिर गई। बाद में आरोपियों ने उनके घर पर जाकर उनके और उनकी माता के साथ मारपीट की।
महामंदिर थाने में ही पीयूष गुप्ता पुत्र प्रमोद गुप्ता ने मामला दर्ज करवाया। इसमें बताया कि वो पढ़ाई करते हैं। हनुमत-ए BJS कॉलोनी में अज्ञात बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और मौके से भाग निकले।
