PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-रेल बजट में इस बार रेलवे के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर खास जोर दिया गया है। इसी कड़ी में जोधपुर के भगत की कोठी रेलवे स्टेशन को बड़ी सौगात मिलने जा रही है, जहां वंदे भारत ट्रेनों के मेंटेनेंस की व्यवस्था की जाएगी। इससे न सिर्फ तकनीकी सुविधाएं बढ़ेंगी, बल्कि क्षेत्र में रेलवे के आधुनिकीकरण और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेल बजट 2026-27 पर चर्चा करते हुए बताया कि राजस्थान को वर्ष 2026-27 में ₹10,228 करोड़ का रिकॉर्ड बजट आवंटन प्राप्त हुआ है, जो वर्ष 2009-14 की तुलना में लगभग 15 गुना अधिक है।
उन्होंने बताया कि राजस्थान में 85 रेलवे स्टेशनों को ₹4,500 करोड़ से अधिक की लागत से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किया जा रहा है, जिनके कार्य तीव्र गति से प्रगति पर हैं।
रेल मंत्री ने बताया कि जोधपुर, बीकानेर से वंदे भारत ट्रेनों और जैसलमेर से स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस जैसी लोकप्रिय ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। इसके अतिरिक्त जोधपुर से पुणे, हैदराबाद और चेन्नई के लिए भी नई रेल सेवाएं शुरू की गई है।
राजस्थान में रेलवे इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, जोधपुर अनुराग त्रिपाठी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राजस्थान में रेलवे इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया गया है।
मंडल रेल प्रबंधक ने जोधपुर मंडल में प्रगति पर चल रही परियोजनाओं की जानकारी साझा करते हुए बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विभिन्न स्टेशनों पर पुनर्विकास कार्य जारी है। उन्होंने भगत की कोठी में वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो, मेगा रेल विकास परियोजनाओं के तहत जोधपुर-जैसलमेर-पाली मारवाड़ स्टेशनों, नई रेल लाइनों, पिट लाइनों एवं शंटिंग लाइनों से संबंधित कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।
250 किलोमीटर रेलमार्ग पर कवच प्रणाली स्थापित करने का लक्ष्य
सुरक्षा के क्षेत्र में कवच प्रणाली के संबंध में उन्होंने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे के संपूर्ण रेल नेटवर्क पर इसका कार्य स्वीकृत किया जा चुका है। 1,586 किलोमीटर रेलमार्ग पर ठेके आवंटित किए जा चुके हैं औरा वर्ष 2026-27 में 250 किलोमीटर रेलमार्ग पर कवच प्रणाली स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
भगत की कोठी में वंदे भारत ट्रेनों के मेंटेनेस की सुविधा हो रही विकसित
उन्होंने बताया कि जैसलमेर स्टेशन का पुनर्विकास कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही इसका उद्घाटन किया जाएगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बाड़मेर, नोखा और जैसलमेर स्टेशनों का कार्य पूरा कर लिया गया है। बढ़ती रेल सेवाओं के अनुरक्षण हेतु विभिन्न स्थानों पर कोच मेंटेनेंस डिपो विकसित किए जा रहे हैं।
जैसलमेर में पिट निर्माण पूरा हो चुका है और बाड़मेर कार्य स्वीकृत किया गया है। इसके साथ ही भगत की कोठी में वंदे भारत और स्लीपर वंदे भारत ट्रेनों के मेंटेनेंस के लिए अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
