PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-उत्तर पश्चिम रेलवे ने तकनीकी कार्यों के चलते रेल यातायात में बदलाव किया है। अजमेर मंडल के मदार-पालनपुर सेक्शन पर ब्रिज निर्माण के कारण बांद्रा और हडपसर से जोधपुर आने वाली दो ट्रेनों का मार्ग बदला गया है। वहीं, हैदराबाद रेल मंडल में काम के चलते भगत की कोठी-काचीगुड़ा एक्सप्रेस को रास्ते में रेगुलेट किया जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि अजमेर मंडल के मदार-पालनपुर रेलखंड पर आउवा और भिंवालिया स्टेशनों के बीच ब्रिज संख्या 600 पर आरसीसी बॉक्स डालने का काम किया जाएगा। इसके लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया जा रहा है, जिससे 27 नवंबर को चलने वाली ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।
बदले रूट पर नए ठहराव
ब्लॉक के कारण 27 नवंबर को बांद्रा टर्मिनस से रवाना होने वाली बांद्रा टर्मिनस-भगत की कोठी (गाड़ी संख्या 20943) और हडपसर से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 20496 (हडपसर-जोधपुर) अपने निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित मार्ग से चलेंगी।ये दोनों ट्रेनें वाया महेसाना-भीलड़ी-लूणी होकर संचालित होंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने इन ट्रेनों का बदले रूट पर भीलड़ी, मारवाड़ भीनमाल और जालोर स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव दिया है।
काचीगुड़ा एक्सप्रेस नांदेड़ में रुकेगी
इसके अलावा, हैदराबाद मंडल के सिकंदराबाद-मुदखेड रेलखंड पर बासर-नवीपेट स्टेशनों के बीच भी तकनीकी कार्य के लिए ब्लॉक लिया जा रहा है। इसका असर भगत की कोठी-काचीगुड़ा रेलसेवा (गाड़ी संख्या 17606) पर पड़ेगा।
सीपीआरओ ने बताया कि 2 जनवरी 2026 को भगत की कोठी से रवाना होने वाली यह ट्रेन हजूर साहिब नांदेड़ स्टेशन पर 2 घंटे रेगुलेट (रोकी) रहेगी। वहीं, 6 जनवरी और 7 जनवरी 2026 को रवाना होने वाली यही ट्रेन नांदेड़ स्टेशन पर 50 मिनट रेगुलेट रहेगी।
