PALI SIROHI ONLINE
ट्रेन में मिला लावारिस ट्रॉली बैग आरपीएफ के सुपुर्द,-यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे की ट्रेन संख्या 20484 दादर वेस्टर्न-भगत की कोठी सुपरफास्ट में शुक्रवार को अहमदाबाद से भगत की कोठी स्टेशनों के बीच टिकट जांच के दौरान बी-2 कोच की बर्थ संख्या 71 के नीचे एक लाल रंग का ट्रॉली बैग लावारिस अवस्था में मिला जिसे आरपीएफ के सुपुर्द किया गया।
सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार मुख्य टिकट निरीक्षक लक्ष्मण राम चौधरी द्वारा पूरे कोच में आवाज देकर बैग के संबंध में पूछताछ की गई,लेकिन बैग का कोई भी मालिक सामने नहीं आया।कोच के 65 से 72 नंबर तक के केबिन में यात्रा कर रहे यात्रियों की दादर से भगत की कोठी तक की यात्रा वैध पाई गई।
सूचना मिलने पर वाणिज्य नियंत्रक जोधपुर के माध्यम से भीलड़ी स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल को अवगत कराया गया जहां आरपीएफ स्टाफ ने उक्त लावारिस ट्रॉली बैग को लिखित मीमो के साथ अपने कब्जे में लिया। रेल प्रशासन द्वारा मामले की नियमानुसार जांच की जा रही है।
सीनियर डीसीएम ने बताया कि रेल यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे अपना सामान स्वयं की निगरानी में रखें और किसी भी लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत रेलवे स्टाफ या रेलवे सुरक्षा बल को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
