
PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर में सोमवार को अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम और पुलिस की टीम पर लोगों ने पथराव कर दिया। इसमें 12 से ज्यादा पुलिसकर्मी और निगमकर्मी घायल हो गए। दो के सिर में गंभीर चोटें आईं। लोगों ने 4 JCB और एक कार में तोड़फोड़ की। अधिकारियों को जान बचाकर मौके से भागना पड़ा। यही नहीं, महिलाओं की भी पुलिस से झड़प हो गई।
दरअसल, उम्मेदसागर बांध क्षेत्र में 500 मीटर के दायरे में बड़ी संख्या में अवैध निर्माण हो गए। कई पक्के मकान बन गए। जोधपुर विकास प्राधिकरण भी पहले कई बार कार्रवाई कर चुका है। लेकिन, अतिक्रमण पूरी तरह नहीं हटे।
आज सुबह नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम उम्मेदसागर बांध क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। लेकिन, लोगों ने विरोध में पत्थर बरसाए। स्थिति को देखते हुए मौके पर 10 से ज्यादा थानों का जाब्ता तैनात किया गया है। 50 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं
पहले हटाए 103 अतिक्रमण, 229 अब भी
सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी ने उम्मेदसागर और आसपास अतिक्रमण को देखते हुए सीएम को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी। जेडीए, पुलिस और पीएचईडी की संयुक्त कार्रवाई में पूर्व में 103 अतिक्रमण हटाए गए थे। जलदाय विभाग के ताजा सर्वे में 229 और अतिक्रमण चिह्नित किए गए। इन्हें हटाने की कार्रवाई सोमवार को शुरू की गई
अधिकारी बोले- अवैध कब्जों से मुक्त कराएंगे
पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज वर्मा ने बताया- सुबह जब पुलिस और नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची, तो कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। पुलिस पथराव करने वालों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बांध क्षेत्र को अवैध कब्जों से मुक्त कराया ही जाएगा। हिंसा में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी
JCB ड्राइवर और निगम कर्मचारी घायल, अवैध बिजली कनेक्शन भी कटेंगे
महापौर दक्षिण वनिता सेठ ने कहा- नगर निगम के आदेश पर अतिक्रमण प्रभारी स्वरूप सिंह कार्रवाई करवा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने पथराव कर दिया, जिसमें JCB ड्राइवर और निगम कर्मचारी घायल हो गए।
महापौर ने कहा- यह गलत है कि लोग अवैध कब्जे भी करें और फिर पथराव भी करें। जो अतिक्रमण हैं, वो आज ध्वस्त होंगे ही।
बिजली कनेक्शन के संबंध में महापौर ने बताया कि निगम समय पर पहुंच गया था और बिजली विभाग अवैध कनेक्शन काट रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग से बातचीत कर सभी अवैध कनेक्शन हटवा दिए जाएंगे।