
PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर के ओसियां थाना क्षेत्र से पुलिस की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। ओसियां थाने के एएसआई सहीराम बिश्नोई, एएसआई प्रकाश ढाका सहित पांच पुलिसकर्मियों की टीम ने गिरफ्तारी वारंट के तहत एक 30 साल के आरोपी को पकड़ने के बजाय एक निर्दोष बुजुर्ग को घर से उठा लिया।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस टीम को स्वरूप सिंह (30) पुत्र धन सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो रखा था। लेकिन पुलिस ने लापरवाही बरती और एक 75 वर्षीय स्वरूप सिंह पुत्र सज्जन सिंह को, जो कि RAC के रिटायर्ड कर्मचारी हैं, उनको घर से उठा लिया। परिजनों के मुताबिक, पुलिस टीम बिना सही पहचान के वृद्ध स्वरूप सिंह को घर से ले गई।
रास्ते में वृद्ध स्वरूप सिंह की तबीयत बिगड़ गई। पुलिसकर्मियों ने जब उनकी हालत खराब होते देखी, तो उन्हें बीच सड़क पर उतार कर वहां से रवाना हो गए। परिजन किसी तरह स्वरूप सिंह को सड़क किनारे से उठाकर उप जिला अस्पताल लाए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, सदमे के कारण स्वरूप सिंह को माइनर हार्ट अटैक आया है। फिलहाल उनका उपचार जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में जारी है।
इस घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है। उन्होंने दोनों एएसआई सहित सभी दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन की इस लापरवाही से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने शुक्रवार सुबह ओसियां तहसील मुख्यालय पर धरना देकर पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर धरना देने का निर्णय लिया है।


