
PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर परिवहन विभाग की सब इंस्पेक्टर की बुधवार सुबह ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। उन्हें ड्यूटी करते हुए सीने में दर्द होने पर हॉस्पिटल ले जाया गया था। इलाज के दौरान ही दूसरा अटैक आ गया और मौत हो गई। उनका अंतिम संस्कार कल किया जाएगा।
परिवहन विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार अंजू पुरोहित पत्नी नारायण किशन पुरोहित बुधवार सुबह करीब 7 बजे ड्यूटी पर चौपासनी क्षेत्र पहुंच गई थी। वे वाहनों की चैकिंग कर नियम तोड़ने वाले दो वाहनों का चालान कर चुकी थी। इसके बाद अचानक 7:11 बजे पर उनके सीने में दर्द महसूस हुआ। इस बारे में उन्होंने अपने साथियों को बताया। स्टाफ उन्हें तुरंत एमडीएम हॉस्पिटल लेकर गए। वहां मेडिकल स्टाफ ने उनकी ईसीजी की। इस बीच ही 7:33 बजे वापस अटैक पड़ा और मौत हो गई।
विभाग के कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों में शामिल थी
उनकी गिनती परिवहन विभाग में कर्मठ और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों में होती थी। मार्च क्लोजिंग में भी पुरोहित की परफॉर्मेंस उल्लेखनीय रही। आरटीओ जगदीश प्रसाद बैरवा ने बताया- अंजू पुरोहित विभाग बेस्ट ऑफिसर थी, जिन्हें कभी भी कुछ कहने की जरूरत नहीं पड़ती थी। वे अपने काम के प्रति हमेशा समर्पित रहती थी।
कल होगा अंतिम संस्कार
उनका जोधपुर भीतरी शहर के कल्लों की गली हाल सरदारपुरा 10वीं सी रोड पर घर है। उनके दो बेटों में एक अमेरिका में रहकर पढ़ाई कर रहा है। दूसरा बेटा जोधपुर में ही रहकर इंजीनियरिंग कर रहा है। अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर बाद किया जाएगा।


