
PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर में जलदाय विभाग की लापरवाही के चलते ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोगों को पीने के पानी को लेकर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जोधपुर के झालामंड पंचायत में रहने वाले लोगों के सब्र का बांध आज फूट पड़ा। महिलाओं ने सड़क पर जाकर धरना-प्रदर्शन किया। महिलाओं ने सड़क जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि झालामंड ग्राम पंचायत की कॉलोनी में पिछले कई दिनों से पानी की सप्लाई सुचारू रूप से नहीं की जा रही है। इसके चलते उन्हें समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों को बताया लेकिन सुध नहीं ले रहे हैं। इसके चलते उन्हें पीने के पानी के लिए 1000 से 1500 खर्च कर पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। ऐसे में घर चलाना भी मुश्किल हो रहा है।
वहीं गर्मी चलते और भी ज्यादा समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इधर प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रही महिलाओं से समझाइश का प्रयास किया।
बता दे कि इन दिनों जोधपुर के सांगरिया, झालामंड सहित कई ग्राम पंचायत के इलाकों में भी पेयजल की किल्लत सामने आ रही है। कई जगहों पर अवैध कनेक्शन होने के बावजूद जलदाय विभाग कनेक्शन को काटने में नाकाम साबित हो रहा है। इसके चलते आखिरी छोर तक बसी कॉलोनी और घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है


