• April 13, 2026

मरूधर एक्सप्रेस का समय बदला , जोधपुर- इंदौर रूट प्रभावितः तकनीकी कार्य के चलते ट्रेनों की टाइमिंग में बदलाव, कल कई घंटे ट्रेनें रहेंगी लेट

PALI SIROHI ONLINE

जोधपुर-जोधपुर मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर मंगलवार के लिए ट्रेनों के शेड्यूल में कुछ अहम बदलाव किए हैं। चित्तौड़गढ़-उदयपुर ट्रैक पर तकनीकी काम के चलते जहां जोधपुर-इंदौर रूट की ट्रेनें घंटों की देरी से रवाना होंगी, वहीं वाराणसी से चलने वाली मरुधर एक्सप्रेस के प्रस्थान समय में भी आंशिक परिवर्तन किया गया है। रेलवे ने यात्रियों को स्टेशन रवाना होने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी है।ब्रिज के काम से लेट होगी जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस

जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि चित्तौड़गढ़-उदयपुर रेलखंड पर स्थित झड़वासा और बांदनवाड़ा स्टेशनों के बीच ब्रिज नंबर 74 पर आरसीसी बॉक्स डालने का तकनीकी कार्य किया जाना है। इस काम के लिए रेलवे द्वारा मंगलवार को ट्रैक पर ट्रैफिक ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसका सीधा असर इस रूट से गुजरने वाली ट्रेनों पर पड़ेगा। इसी ब्लॉक के कारण जोधपुर-इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस दोनों दिशाओं से अपने निर्धारित समय से काफी देरी से प्रस्थान करेगी।

दोनों दिशाओं में 3 से 4 घंटे का विलंब

बदले शेड्यूल के अनुसार, ट्रेन संख्या 14801 (जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस) 14 अप्रैल को जोधपुर से अपने तय समय से 3 घंटे 30 मिनट की देरी से रवाना होगी। इसी प्रकार वापसी में ट्रेन संख्या 14802 (इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस) भी इंदौर से 4 घंटे 30 मिनट देरी से चलेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफॉर्म पर लंबे इंतज़ार से बचने के लिए एनटीईएस (NTES) ऐप या पूछताछ केंद्र से ट्रेन की वर्तमान स्थिति जरूर चेक कर लें।मरुधर एक्सप्रेस के समय में भी हुआ बदलाव

दूसरी ओर, वाराणसी से जोधपुर आने वाली मरुधर एक्सप्रेस के रवानगी समय को लेकर भी नया अपडेट है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, 14 अप्रैल से ट्रेन संख्या 14853/14863/14865 (वाराणसी सिटी-जोधपुर मरुधर एक्सप्रेस) वाराणसी स्टेशन से शाम 4:50 बजे की जगह 5:10 बजे रवाना होगी।

अन्य स्टेशनों के शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं

नए शेड्यूल के अनुसार, यह ट्रेन अब वाराणसी स्टेशन पर शाम 5 बजे पहुंचेगी और 10 मिनट के ठहराव के बाद 5:10 बजे जोधपुर के लिए रवाना होगी। इससे पहले इस ट्रेन का वाराणसी आगमन का समय शाम 4:45 और प्रस्थान 4:50 बजे निर्धारित था। सीपीआरओ ने स्पष्ट किया है कि इस ट्रेन के मार्ग के अन्य स्टेशनों पर ठहराव और समय में किसी भी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है।

You cannot copy content of this page