PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-राजस्थान सरकार के पशुपालन, देवस्थान व गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत का मंगलवार को पशु चिकित्सालय मथानिया में पारंपरिक अंदाज़ में स्वागत किया गया। मंत्री के पहुंचने पर ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें घोड़े पर बिठाकर, साफा पहनाकर और फूलमालाओं से अभिनंदन किया। कुमावत सुबह मथानिया क्षेत्र के भैसेर गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
21 लाख पशुओं का फ्री बीमा करेगी सरकार
स्वागत सभा में मंत्री कुमावत ने प्रदेश की मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार वर्ष 2025-26 में 21 लाख पशुओं का निशुल्क बीमा करेगी।
‘पहले आओ, पहले पाओ’ आधार पर होगा बीमा
इस बार बीमा प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। यह लॉटरी के स्थान पर ‘पहले आओ, पहले पाओ’ आधार पर किया जाएगा। एक जनाधार पर दो गाय, दो भैंस, एक गाय-एक भैंस, 10 ऊंट या 10 भेड़ / बकरियों का मुफ्त बीमा उपलब्ध होगा। पंजीकरण के लिए मोबाइल ऐप भी जारी किया गया है, जिससे पशुपालक घर बैठे ही रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। यह योजना 31 मार्च 2026 तक लागू रहेगी।
जोधपुर में 67 किसानों ने 167 पशुओं का बीमा
गौरतलब है कि जोधपुर जिले में सोमवार से कैंप लगाकर योजना की शुरुआत हो गई है। यहां 25 गांवों के 67 किसानों ने 167 पशुओं का बीमा कराया। जिले में इस वर्ष अब तक 80,900 पशुओं का बीमा हो चुका है।
सभा में ग्रामीणों ने मथानिया क्षेत्र में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री ने तुरंत निर्देश देते हुए माणकलाव का चार्ज हटाकर पूरी ड्यूटी मथानिया में करने के आदेश दिए। साथ ही उन्होंने 1962 मोबाइल यूनिट का उल्लेख करते हुए कहा कि “एक कॉल पर पशु चिकित्सक आपके घर तक पहुँचेंगे।”
इस दौरान वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता कन्हैयालाल राठी, मदनलाल देवड़ा, अरविंद सांखला, दिग्विजय सिंह चारण, स्वरूप सिंह पंचारिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल डागा सहित गजेश करवा, पप्पूराम प्रजापत, हीराराम प्रजापत चौपासनी, गौरी शंकर गौशाला की सचिव दिनेश चौधरी, चौपासनी के पूर्व सरपंच जय नारायण गहलोत मौजूद रहे। विभाग के अधिकारी मनमोहन नागौरी (अतिरिक्त डायरेक्टर), संजय व्यास (जॉइंट डायरेक्टर), डॉक्टर नवलाराम चौधरी और बाबूलाल चौधरी भी उपस्थित थे। इसके बाद मंत्री श्री नरसिंहराम जी लाडवाण के यहां वैवाहिक कार्यक्रम में रवाना हुए।
