रोडवेज बस से इन्वेस्टमेंट कंपनी के कर्मचारी का किडनैप, बदमाश गिरफ्तारः मुख्य आरोपी जैसलमेर से पकड़ा गया; ड्राइवर और कंडक्टर की मिलीभगत आई सामने
PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर में रोडवेज बस में सवार एक युवक का मंगलवार रात किडनैप हो गया था। सफेद रंग की फॉर्च्यूनर में आए बदमाश बस से युवक को खींचकर अपनी गाड़ी में डालकर लेकर गए थे। पुलिस ने मामले में 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। रोडवेज कर्मचारियों की मिलीभगत भी बदमाशों के साथ सामने आई है।
DCP ईस्ट मनीष चौधरी ने आज पूरे मामले का खुलासा किया। मामला डांगियावास थाना इलाके का है। युवक का मेडिकल करवाकर FIR दर्ज की गई है।
जयपुर जा रही बस से किया था किडनैप
DCP ईस्ट मनीष चौधरी ने बताया कि DCP ने बताया कि जयपुर की इन्वेस्टमेंट कंपनी में काम करने वाले युवक प्रमोद का किडनैप हुआ था। वह दो दिन पहले ही फलोदी आया था। 24 मार्च की रात 10 बजे डांगियावास से फलोदी डिपो की बस से जयपुर जा रहा था। पीछे से फॉर्च्यूनर कार आई और बस को रोका। बदमाश बस में सवार हुए और युवक को खींचकर बाहर निकाला। इसके बाद जबरन अपनी गाड़ी में डालकर फरार हो गए।
पुलिस मौके पर पहुंची और बस सवार अन्य यात्रियों का किराया रिफंड करवाकर दूसरी बस से जयपुर भेजा गया। पुलिस ने ड्राइवर और कंडक्टर से भी पूछताछ की।जैसलमेर, फलोदी और जयपुर पुलिस ने पकड़ा
DCP ने बताया कि पुलिस की अलग-अलग टीम गठित की गई। इसके बाद जैसलमेर, फलोदी और जयपुर पुलिस की मदद से आरोपियों को चिह्नित कर उन्हें डिटेन किया गया। किडनैप हुए युवक को छुड़वाया गया।
प्रारंभिक जांच में किडनैप का कारण पैसों का लेन-देन सामने आ रहा है। बदमाशों के साथ रोडवेज का ड्राइवर और कंडक्टर भी मिले हुए थे।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से पप्पूराम रोडवेज बस का ड्राइवर है। बुधाराम बस का कंडक्टर है। महीराम खेती किसानी करता है। जबकि एक अन्य आरोपी सुरेंद्र उर्फ सनी महीराम का भांजा है। फिलहाल इन चारों से पुलिस पूछताछ कर रही है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। बस ड्राइवर और कंडक्टर को जैसलमेर के नाचना से पकड़ा गया।

