PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर कमिश्नरेट की पश्चिम जिला डीएसटी टीम और सरदारपुरा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हवाला के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। सोमवार दोपहर 3 बजे टीम ने सी रोड स्थित एक फ्लैट में छापा मारकर पुलिस ने 77.80 लाख रुपए की नकद राशि जब्त की और अहमदाबाद निवासी एक कारोबारी के साथ तीन अन्य आरोपियों को शांतिभंग में गिरफ्तार किया है।
हालांकि, पुलिस की ओर से मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी गई है। आरोपी कारोबारी सरदारपुरा इलाके में फ्लैट लेकर किराए पर रहता है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुट गई है।
डीएसटी इंचार्ज महेंद्र ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सरदारपुरा थाना क्षेत्र के सी रोड स्थित एक फ्लैट में हवाला के जरिए बड़ी रकम का लेनदेन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फ्लैट पर दबिश दी।किराए पर फ्लैट लेकर रहता था आरोपी
डीएसटी इंचार्ज ने बताया कि जांच में सामने आया कि यह फ्लैट अहमदाबाद निवासी दिनेश जायसवाल (39) ने किराए पर ले रखा था। पिछले करीब साढ़े तीन महीनों से वह यहां रहकर हवाला के जरिए पैसों का लेनदेन कर रहा था। पुलिस टीम ने मौके से 77.80 लाख रुपए नकद बरामद किए, जिन्हें जब्त कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी को मौके से किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी दिनेश जायसवाल पुत्र जगदीश जायसवाल निवासी कृष्ण नगर, अहमदाबाद को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में हवाला नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है। पुलिस इस नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है और यह भी जांच कर रही है कि यह रकम कहां से आई और कहां भेजी जानी थी।
जप्त राशि की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी गई है, ताकि आर्थिक अपराध के एंगल से भी जांच की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस हवाला नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
