PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर के माता का थान थाना क्षेत्र में जमीन पर कब्जे को लेकर शनिवार सुबह उस समय तनावपूर्ण हालात बन गए, जब लंबे समय से चले आ रहे जमीन विवाद में उलझे दो पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष की ओर से जमीन पर पत्थर डालकर कब्जे का प्रयास किए जाने के बाद दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और विरोध जताने लगे।
देखते ही देखते माहौल गरमा गया, जिसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाला और किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोक लिया।
जमीन को लेकर कई वर्षों से चल रहा विवाद
बता दें, जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले कई वर्षों से विवाद चला आ रहा है। विवादित भूमि माता का थान क्षेत्र में स्थित है, जहां एक ही परिवार के चार भाइयों की खरीदी हुई जमीन बताई जा रही है।
पत्थर रखकर जमीन पर कब्जे का किया प्रयास
थाना अधिकारी शफीक मोहम्मद ने बताया कि इससे पहले भी कई बार जमीन पर कब्जा करने के प्रयास किए जा चुके हैं, लेकिन हर बार पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया। शनिवार सुबह भी एक पक्ष द्वारा पत्थर रखकर कब्जे की कोशिश की जा रही थी, जिसकी जानकारी मिलते ही दूसरा पक्ष वहां पहुंच गया और विरोध शुरू कर दिया।
पुलिस ने दोनों पक्षों से समझाइश कर मामला कराया शांत
घटना की सूचना मिलते ही माता का थान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश कर शांत करवाया। फिलहाल एहतियातन दोनों पक्षों को थाने लाया गया है, जहां उनसे जमीन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

