• April 5, 2026

फ्लैट में गर्लफ्रेंड के साथ ड्रग्स-फैक्ट्री चला रहा था तस्करः जोधपुर में पॉश कॉलोनी से पकड़ी 3 किलो MD, दरवाजा तोड़कर घुसी टीम

PALI SIROHI ONLINE

जोधपुर-जोधपुर के पॉश इलाके में एक फ्लैट के अंदर ड्रग्स की फैक्ट्री पकड़ी गई है। इसी फ्लैट में मास्टरमाइंड अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रह रहा था।

एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) की टीम शनिवार को फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी। लेकिन मास्टरमाइंड अपने प्रेमिका के साथ फरार हो चुका था। टीम ने फ्लैट से 2 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत की ड्रग्स, नशीली गोलियां और 1.1 किलो से ज्यादा हाई-ग्रेड केमिकल जब्त किया।बनाड़ से पकड़े गए तस्कर ने मास्टर माइंड का नाम बताया

एडीसीपी अमृत जीनगर ने बताया कि 2 अप्रैल को AGTF ने बनाड़ थाना इलाके में कार्रवाई की थी। यहां से 3 किलो से ज्यादा MD ड्रग्स बरामद कर आरोपी गणपतराम विश्नोई को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह महज एक मोहरा है।

असली मास्टरमाइंड सांचौर का रहने वाला भरत विश्नोई उर्फ आसुराम उर्फ लक्की है। वह अपनी पहचान छुपाकर आशापूर्णा प्लेटिनम के फ्लैट नंबर A-803 में महिला के साथ रहता है और सफेद जहर तैयार कर रहा है।

गणपतराम ने बताया- उसकी माली हालत बेहद खराब थी और भारी कर्ज था। इसी मजबूरी का फायदा उठाकर भरत विश्नोई ने उसे कर्ज उतारने का लालच देकर इस धंधे में धकेल दिया।

गणपतराम ने बताया- पैसों के लालच में आकर मैंने बनाड़ थाने से 3 किमी दूर खेत में स्थित अपने मकान की छत सांचौर के तस्करों को ड्रग्स फैक्ट्री बनाने के लिए किराए पर दी थी।

AGTF ने यहां से 3 किलो से अधिक MD ड्रग्स और 55 किलो से ज्यादा केमिकल बरामद किया था।

जोधपुर में पॉश सोसाइटी में चल रही थी ड्रग्स फैक्ट्री

जोधपुर शहर में पॉश सोसाइटी आशापूर्णा प्लेटिनम है। यहां फ्लैट नंबर A-803 में भरत विश्नोई उर्फ आसुराम उर्फ लक्की नाम का युवक अपनी पहचान छुपाकर एक महिला के साथ रह रहा था। AGTF और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर फ्लैट का दरवाजा तोड़ा।

फ्लैट की तलाशी लेने पर अलमारी में रखा एक UMMUL लिखा बैग बरामद हुआ। इस बैग के अंदर नशे का जखीरा मिला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में 2 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत की ड्रग्स, नशीली गोलियां और मादक पदार्थ बनाने का जखीरा बरामद किया गया।

एफएसएल और एनसीबी की टीमों की जांच में पता चला कि बरामद सामान न केवल घातक मेफेड्रोन है, बल्कि उसमें उच्च गुणवत्ता वाला केमिकल भी शामिल है।

3.663 किलोग्राम नशीली गोलियां मिलीं

पुलिस ने फ्लैट से सीमेंट की पीली टेप से लिपटे पैकेटों और जीपर पाउच में 2000 से ज्यादा कुल 3.663 किलोग्राम नशीली गोलियां बरामद हुईं। मौके से एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, टेप रोल और आरोपी के अहम दस्तावेज जब्त किए गए।

About The Author

You cannot copy content of this page