पिंडवाड़ा-झाडोली नदी में अवैध बजरी से भरा ट्रैक्टर जब्तः ग्रामीणों ने घेराबंदी कर रोका, ड्राइवर गिरफ्तार
PALI SIROHI ONLINE
वीरवाड़ा-पिंडवाड़ा क्षेत्र की झाडोली नदी में अवैध बजरी खनन के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया। शनिवार को ग्रामीणों ने एकजुट होकर बजरी से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को घेराबंदी कर मौके पर ही रोक लिया।
ग्रामीणों ने घेरा ट्रैक्टर, ड्राइवर पकड़ा
अवैध दोहन से आक्रोशित ग्रामीणों ने जैसे ही ट्रैक्टर को देखा, उसे चारों तरफ से घेर लिया। ट्रैक्टर ड्राइवर ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका। ग्रामीणों ने तत्काल स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी और मौके पर डटे रहे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिंडवाड़ा क्षेत्र की नदी-नालों में लंबे समय से अवैध बजरी खनन धड़ल्ले से चल रहा है। माफिया दिन-रात मशीनों और ट्रैक्टरों का उपयोग कर रहे हैं, जिससे जलस्तर नीचे जा रहा है और स्थानीय पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।
