
PALI SIROHI ONLINE
जालोर-पाकिस्तान छोड़कर आए और लंबे समय से भारत में शरणार्थी बनकर रहे रहे 11 लोगों को जालोर में भारतीय नागरिकता दे दी गई। जालोर जिला कलेक्ट्रेट में दो दिवसीय नागरिकता कैंप हुआ। इसमें शनिवार रात 11 पाकिस्तानी नागरिकों को भारतीय नागरिकता का प्रमाण पत्र दिया गया।
जिला कलेक्टर प्रदीप के गवांडे के अनुसार- राजस्थान सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन ने 6 व 7 जून को कैंप लगाया। सभी तरह की जांच और पात्रता पूरी करने वाले लोगों को भारतीय नागरिकता दे दी गई।
इस दौरान जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे, एसपी ज्ञानचन्द्र यादव, एडीएम राजेश मेवाड़ा मौजूद रहे। जिन लोगों को भारतीय नागरिकता मिली, उनके नाम लीलावंती, मक्खन रेबारी, भागी, गिरधारी सिंह, रानी, सीताराम, गंगाराम, बछी रेबारी, ज्ञान सिंह, सबल सिंह और सवाई हैं। सभी लोगों ने नागरिकता मिलने पर खुशी जाहिर की।
कैम्प के आयोजन के दौरान उप विधि परामर्शी ओमप्रकाश विश्नोई गृह विभाग के अनुभागाधिकारी मानसिंह मीणा, संतोष नेनावत, बनवारीलाल व कलेक्ट्रेट के सहायक प्रशासनिक अधिकारी मनीष पारीक, परवेज दहिया व वरिष्ठ सहायक चेलाराम का सहयोग रहा। इस दौरान कलेक्ट्रेट के कई अधिकारी मौजूद रहे।