PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जवाई बांध के पानी पर जालोर का हक तय करने की मांग को लेकर जालोर जिला मुख्यालय पर भारतीय किसान संघ के बैनर तले किसानों का महापड़ाव जारी है। महापड़ाव के 22वें दिन किसानों ने धरनास्थल पर भाजपा सरकार व अधिकारियों को सद्बुद्धि देने के लिए यज्ञ किया गया।
भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष रतनसिंह सिंह कानीवाड़ा ने बताया- जवाई बांध के पानी पर जालोर का एक तिहाई हिस्सा तय करने की मांग को लेकर जालोर जिला कलेक्टर के सामने किसानों का धरना प्रदर्शन 22 दिन से जारी है। लेकिन सरकार की ओर से अभी तक कोई सकारात्मक पहल नहीं करने, पानी की मांग सरकार की ओर से किसी जनप्रतिनिधि के द्वारा कोई वार्ता नहीं करने से किसानों में नाराजगी है।
जनप्रतिनिधियों पर सहयोग नहीं करने के लगाए आरोप
किसान नेताओं ने बताया कि किसान 22 दिन कड़कड़ाती ठंड में धरना स्थल पर बैठे हैं। लेकिन हमारे स्थानीय जनप्रतिनिधि जालोर विधायक जागेश्वर गर्ग, आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित जयपुर में जाकर बैठे हैं और जालोर – सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी रेल मंत्री से मिल कर रेल की मांग कर रहे हैं। सड़कों पर बैठे किसान उनको दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार को सद्बुद्धि दिलाने यज्ञ आयोजन किया गया। ताकि सरकार को सद्बुद्धि मिले और किसानों की मांग पूरी कर सके।