PALI SIROHI ONLINE
जालोर। जालोर के लेटा गांव में रविवार को श्मशान भूमि में मानव खोपड़ी से हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। खोपड़ी मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण श्मशान भूमि पर एकत्रित हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार, यह मानव खोपड़ी लेटा गांव के मेघवाल समाज की श्मशान भूमि में पाई गई। जिस स्थान पर खोपड़ी मिली, वहां पहले एक समाधि बनी हुई थी, लेकिन अब वह खुदी हुई अवस्था में मिली है। इससे श्मशान भूमि में छेड़छाड़ की आशंका जताई जा रही है।
ढाई माह पहले दफन युवक की हो सकती है खोपड़ी
ग्रामीणों ने बताया कि यह खोपड़ी गांव निवासी चंपा लाल (40) पुत्र मानाराम मेघवाल की हो सकती है। चंपा लाल की करीब ढाई माह पहले बीमारी के चलते मौत हुई थी और उसे इसी श्मशान भूमि में दफन किया गया था।
अब उसी स्थान से खोपड़ी मिलने और समाधि खुदी होने से आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने कब्र खोदकर अवशेष बाहर निकाले हैं।
तांत्रिक गतिविधि की आशंका, ग्रामीणों में रोष
घटना के बाद ग्रामीणों ने तांत्रिक या संदिग्ध गतिविधि की आशंका जताई है। श्मशान भूमि में इस तरह की हरकत को लेकर लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है।
ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खोपड़ी को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस जांच में जुटी, हर पहलू से हो रही पड़ताल
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह खोपड़ी उसी व्यक्ति की है या किसी अन्य की, इसकी पुष्टि जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस श्मशान भूमि में समाधि खोदने के पीछे के कारणों और इसमें शामिल लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

