PALI SIROHI ONLINE
जालोर-महाराष्ट्र के सतारा जिले के लोणद-अंदोरी में 25 फीट गहरे गड्ढे में गिरने से जालोर निवासी जीवन सिंह समेत 2 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद युवक का शव एम्बुलेंस से शुक्रवार को जालोर पहुंचा जहां युवक अंतिम संस्कार किया गया है।
मुम्बई के व्यापारी सुभाष सिंह राज पुरोहित ने बताया कि जालोर के भवराणी गांव निवासी गोपाल सिंह मंडलावत पिछले करीब 30 साल से मुम्बई के सतारा जिले के लोणद गांव में मिठाई का व्यापार करते हैं। उनके दो बेटे बड़ा नरेन्द्र व छोटा बेटा जीवन सिंह भी वही रह कर पढ़ाई करते हैं। इसके साथ दोनों बेटे पिता के साथ व्यापार के सहयोग करते हैं।
दोस्तों के साथ घूमने निकले थे
28 जनवरी को महाराष्ट्र के बारामती में प्लेन क्रैश में डिप्टी सीएम अजित पवार की मौत के बाद महाराष्ट्र में व्यापारियों ने आधे दिन की अवकाश घोषित कर बाजार बंद रखा था। व्यापारियों की छुट्टी होने पर जालोर के भवरानी गांव के रहने वाले हाल निवासी सतारा जिले के लोणद गांव निवासी जीवन सिंह पुत्र गोपालसिंह मंडलावत ने अपने दोस्त बालू टोपले, चेतन रोहित व दुर्गेश के साथ गांव से करीब 20 किमी दूर मस्को बा वीर बावसी मंदिर घूमने के लिए निकले थे।
पाइपलाइन डालने के गड्ढे में गिरी कार
इस दौरान लोणद-अंदोरी निर्माणाधीन 4 लेन हाईवे के पास कोई अंडरग्राउंड पाइपलाइन डालने के लिए करीब 25 गहरा गड्डा खोदा गया था। इसी गड्ढे में कार बेकाबू होकर गिर गई। हादसे में कार में सवार 5 दोस्तों में जालोर निवासी जीवन सिंह (22) पुत्र गोपाल सिंह मंडलावत व रोहित (33) पुत्र बालू टोपले की मौके पर ही मौत हो गई।
सिर टकराने से हुई मौत
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद कार गड्ढे में गिरी तो जीवन सिंह का सिर कार की छत से जा टकराया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उसके जीवनसिंह का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया।
शुक्रवार को हुआ अंतिम संस्कार
शुक्रवार की देर शाम को जीवन सिंह के शव को पैतृक गांव जालोर के भवराणी गांव लाया गया। जहां शुक्रवार को अन्तिम संस्कार किया गया।
घटना में 2 साथी चेतन (24) पुत्र सुनील सिंधी व रोहित पुत्र सुखदेव गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। इसके साथ कार में सवार दुर्गेश पुत्र माधव को कोई चोट नहीं आने से प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया है।

