तीन जिलों में 272KM बिछेगी रेल की डबल लाइनः जालोर स्टेशन पहुंचे ADRM ने फुट ओवरब्रिज के निर्माण कार्य को देखा
PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर, बाड़मेर और जोधपुर में लूनी-समदड़ी-भीलड़ी रेलमार्ग पर 272 किलोमीटर तक रेल ट्रैक दोहरीकरण की योजना के तहत जोधपुर मंडल के एडीआरएम करणीराम मंगलवार को जालोर स्टेशन पहुंचे।
उन्होंने यहां चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए प्लेटफॉर्म पर बन रहे नए फुट ओवरब्रिज सहित अन्य कार्यों की प्रगति देखी और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
करीब 40 मिनट के दौरे में उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन परिसर और रेलकर्मियों के लिए बन रहे आवासीय भवनों का भी जायजा लिया।
ट्रैक दोहरीकरण से जोधपुर, बाड़मेर और जालोर जिलों को फायदा मिलेगा।
निर्माणाधीन भवन और प्लेटफॉर्म का लिया जायजा
एडीआरएम करणीराम मंगलवार सुबह करीब 11:50 बजे जालोर रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले स्टेशन के पास रेलवे कर्मचारियों के लिए बन रहे आवासीय भवन का निरीक्षण किया। इसके बाद प्लेटफॉर्म और निर्माणाधीन स्टेशन भवन का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली तथा कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।साबरमती-जोधपुर ट्रेन आने पर ट्रैक पार करते दिखे यात्री
निरीक्षण के दौरान जब साबरमती-जोधपुर ट्रेन जालोर स्टेशन पहुंची तो कुछ यात्री ट्रैक पार करते नजर आए। इसके चलते एडीआरएम को आगे के निरीक्षण के लिए इंस्पेक्शन कैरिज में बैठने से पहले कुछ देर इंतजार करना पड़ा, क्योंकि ट्रैक पूरी तरह खाली नहीं था।स्टेशन पर बन रहा दूसरा फुट ओवरब्रिज
फिलहाल जालोर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए एक ही फुट ओवरब्रिज उपलब्ध है। इसकी सीढ़ियां ऊंची और चढ़ाई कठिन होने के कारण बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के विस्तार कार्य में एक और फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट लगाने का भी प्रस्ताव है।
272 किमी रेलमार्ग पर प्रस्तावित है दोहरीकरण
एडीआरएम का यह दौरा समदड़ी-भीलड़ी रेलमार्ग पर प्रस्तावित ट्रैक दोहरीकरण कार्य के निरीक्षण को लेकर था। इस रूट के
272 किलोमीटर लंबे रेलमार्ग पर दोहरीकरण की योजना है।
पहला चरणः लूणी-समदड़ी-बिशनगढ़ के बीच डबलिंग कार्य जारी
दूसरा चरणः बिशनगढ़-कोड़ी के बीच दोहरीकरण, भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया जारी
तीसरा चरण: कोड़ी से भीलड़ी तक डबल लाइन बिछाई जाएगी
भीनमाल स्टेशन के कार्यों की भी ली जानकारी
दौरे के दौरान एडीआरएम ने भीनमाल रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की भी जानकारी ली। साथ ही यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा की।
इस मौके पर जोधपुर रेल मंडल के सीनियर डीएसओ रामनिवास जाट, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (पश्चिम) तरुण बीका, डीसीएम दीपक चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
