
PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जिले में इन दिनों तेज गर्मी व उमस से लोगों के हाल बेहाल हो रहे हैं। पारा 40 डिग्री से पार होने के कारण दिन में लोगों को कूलर भी राहत नहीं दे पा रहे हैं। उमस के चलते लोगों के बदन पसीने से तरबतर हो रहे हैं। इधर. मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताते हुए हीट वेव की संभावना जताई है।
दोपहर में गर्मी दिखा रही तेवर
सुबह से ही उमस का जोर रहा। दोपहर होते होते गर्मी के तेवर और तेज हो गए। ऐसे में दोपहर के समय में शहर की व्यस्ततम सड़कें भी सुनसान नजर आईं। लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। दिन के साथ साथ रातों को भी गर्मी से निजात नहीं मिल रही है। रात का पारा भी 29.5 डिग्री सेंटीग्रेड पर है जिससे रातें भी गर्म है। शनिवार को शाम होते होते भी तेज गर्मी रही।
अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार
शुक्रवार की अपेक्षा शनिवार को अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री की गिरावट आई। रात के तापमान में 0.7 डिग्री की गिरावट हुई। अधिकतम तापमान 40.2 व न्यूनतम 29.5 डिग्री रहा। रविवार की सुबह से 10 बजे के साथ ही लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा हैं।
वहीं मौसम विशेषज्ञ भूपेन्द्र सिंह ने बताया जिले में अभी तेज गर्मी का प्रकोप जारी हैं। वही आगामी 5-7 दिनों में कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना नहीं हैं। जिससे अधिकतम तापमान 43-45 डिग्री सेंटीग्रेड से भी अधिक रहने की संभावना जताई है।


