PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में 2 गाड़ियों में आए लोगों ने एक परिवार पर लाठी, सरिए और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए। इसमें 3 लोग गंभीर घायल हो गए, जिन्हें ट्रोमा सेंटर में भर्ती किया गया है।
घटना बुधवार की रात नोसरा थाना क्षेत्र के देवकी गांव में रात करीब साढ़े 8 बजे हुई। घायल लोगों के परिजनों ने आज शुक्रवार को मामला दर्ज करवाया।देवकी गांव निवासी पीड़िता ऐवन कंवर (45) पत्नी बने सिंह ने थाने में रिपोर्ट दी। उसमें बताया कि बुधवार की रात वह और उसका बेटा महिपाल सिंह घर पर बैठे थे। इसी दौरान दो गाड़ियां घर के बाहर आकर हॉर्न बजाने लगीं। जब महिपाल बाहर देखने गया तो थोड़ी देर बाद उसकी चीख सुनाई दी। वह चिल्ला रहा था कि मार रहे हैं… मुझे मार रहे हैं।
इसके बाद ऐवन कंवर, उनके देवर के बेटे गजेंद्र सिंह और शेर सिंह बाहर पहुंचे तो देखा कि देवकी निवासी सुरेंद्र सिंह पुत्र चंदन सिंह, चंदन सिंह पुत्र रघुनाथ सिंह, उम्मेद सिंह पुत्र पहाड़ सिंह, चवण सिंह पुत्र पहाड़ सिंह और तीन अन्य अज्ञात व्यक्ति मिलकर महिपाल सिंह पर लोहे की सरिया, कुल्हाड़ी, लाठियों व अन्य हथियारों से हमला कर रहे थे।परिजनों पर भी किया हमला
बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने ऐवन कंवर, गजेंद्र सिंह और शेर सिंह पर भी हमला कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार महिपाल सिंह के सिर पर गहरी चोटें आईं, वहीं गजेंद्र सिंह के सिर पर, शेर सिंह के हाथ पर और ऐवन कंवर के शरीर पर भी गंभीर चोटें आई। इसके बाद सभी को जालोर के ट्रोमा सेन्टर में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़ित परिवार ने बताया कि मारपीट करने की वजह अभी तक सामने नहीं आई हैं। रिपोर्ट में बताया कि आरोपी जाते-जाते धमकी देकर गए थे कि आज तो इतना ही मारा है, आगे जान से खत्म कर देंगे।
पीड़ित पक्ष की ओर से 14 नवंबर की सुबह 10 बजे थाने में रिपोर्ट देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की हैं।
नौसरा थानाधिकारी पन्नालाल ने बताया- आपसी विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया हैं। जांच शुरू कर दी है, जल्द कार्रवाई की जाएगी।
