जालोर में कांग्रेस की बैठक, “संगठन बढ़ाओ लोकतंत्र बचाओ, अभियान की रूपरेखा तय
PALI SIROHI ONLINE
विक्रमसिंह बालोत
जालोर में कांग्रेस की बैठक, “संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ” अभियान की रूपरेखा तय
जालौर
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर “संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ” अभियान को लेकर जालोर में ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक बुधवार सुबह राजीव गांधी भवन में जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें संगठन विस्तार और जन-जागरण को लेकर रणनीति बनाई गई।
बैठक में जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों को लगातार टालना लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा प्रशासकों की नियुक्ति कर लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल से शुरू हो रहे इस अभियान के तहत जिले के हर वार्ड, ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर पर बैठकें कर आमजन को जागरूक किया जाएगा।
पूर्व जिलाध्यक्ष भंवरलाल मेघवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह अभियान केवल विरोध तक सीमित नहीं है,
बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प भी है। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव टालना संवैधानिक मूल्यों के विपरीत है और इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित होती है।
प्रदेश महासचिव नैन सिंह राजपुरोहित ने कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें, सरकार की नीतियों को सामने लाएं और संगठन को मजबूत करें। साथ ही पंचायत एवं वार्ड स्तर पर सक्रिय कार्यकारिणी बनाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान कई पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत ने किया। इस अवसर पर नव नियुक्त जालोर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष किशनाराम चौधरी और बाकरा मंडल अध्यक्ष भरत मेघवाल का स्वागत भी किया गया।
बैठक के बाद कांग्रेस प्रतिनिधियों ने जालोर शहर की सीवरेज, सड़कों और अन्य समस्याओं को लेकर अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

