PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर शहर के रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित एक निजी होटल में शनिवार सुबह कोबरा सांप घुस आने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर मौके पर पहुंचा और करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद सांप को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
होटल में दिखा कोबरा तो मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार जालोर के बागोड़ा रोड स्थित एक निजी होटल में शनिवार सुबह करीब साढ़े तीन फीट लंबा कोबरा सांप घुस आया। सांप को देखते ही होटल में मौजूद लोग घबराकर बाहर भाग गए। इसके बाद होटल स्टाफ ने तुरंत स्नेक कैचर को सूचना दी।
10 मिनट में किया रेस्क्यू
सूचना मिलने पर स्नेक कैचर सुरेश सोलंकी मौके पर पहुंचे और करीब 10 मिनट तक रेस्क्यू अभियान चलाकर सांप को पकड़ लिया। इसके बाद सांप को एक डिब्बे में डालकर सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया।
अब तक 118 से ज्यादा सांप पकड़ चुका
सुरेश सोलंकी ने बताया कि वह अब तक करीब 118 से अधिक सांप पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर छोड़ चुके हैं। सांप पकड़ने के दौरान उन्हें चार बार सांप काट भी चुका है।
स्नेक कैचर सुरेश सोलंकी ने बताया कि कोबरा सांप का जहर काफी खतरनाक होता है। यदि किसी व्यक्ति को यह सांप काट ले और करीब 20 मिनट के भीतर उचित इलाज नहीं मिले तो लगभग 30 मिनट के भीतर उसकी मौत भी हो सकती है।
वन विभाग की टीम नहीं होने से परेशानी
जालोर में वन विभाग की ओर से सांप पकड़ने के लिए कोई विशेष टीम नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में लोगों को निजी स्नेक कैचर को पैसे देकर बुलाना पड़ता है।

