स्कूली-छात्र ने इंस्टाग्राम पर डाली रील, बदमाशों ने पीटाः चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी; पिता बोले- पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई
PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में सोशल मीडिया पर एक रील पोस्ट करने पर युवकों ने 16 साल के किशोर को बेरहमी से पीटा। उसे जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद किशोर ने डर के कारण स्कूल जाना भी छोड़ दिया। पीड़ित छात्र के पिता ने एसपी से मिलकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के पिता का कहना है- उनका बेटा 9वीं क्लास में पढ़ता हैं। उसने इंस्टाग्राम पर अपने मित्र की एक पोस्ट डाली थी, इससे एक व्यक्ति नाराज हो गया और लगातार फोन पर धमकियां देने लगा। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर चाकू के साथ अपनी फोटो डालकर छात्र को डराया और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
इसके बाद 9 मार्च को बाइक पर स्कूल जा रहे बेटे को रास्ते में पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी ने अपने 3 साथियों के साथ मारपीट की। आरोपियों ने मारपीट का वीडियो भी बनाया और दहशत फैलाने की नीयत से उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि 11 मार्च को पुलिस में रिपोर्ट देने के बाद अभी तक पुख्ता कार्रवाई नहीं हुई है। आरोपी वॉइस मैसेज और हथियारों की फोटो भेजकर छात्र को धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और छात्र का मेडिकल कराने की मांग की है।

