PALI SIROHI ONLINE
रायपुर मारवाड़ (ब्यावर)-जैतारण के आनंदपुर कालू स्थित बस्सी चौराहे पर शुक्रवार को किसान केसरी स्वर्गीय बलदेव राम मिर्धा की 136वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर दर्जनों किसान परिवारों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
जैतारण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष और जैतारण सरपंच संघ अध्यक्ष किशोर चौधरी ने भी मिर्धा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। बलदेव राम मिर्धा ने मारवाड़ क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाई और किसानों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने समाज की कुरीतियों को दूर करने के लिए भी महत्वपूर्ण कार्य किया।
मिर्धा का किसानों के लिए एक प्रेरणादायक संदेश था। उन्होंने कहा था कि किसान का एक हाथ हल पर, दूसरा कलम पर और निगाहें दिल्ली के सिंहासन पर होनी चाहिए। उनका मानना था कि यही किसानों के उत्थान का मार्ग है।
कार्यक्रम में थानाराम भबडियासर, वीर तेजा सेना के प्रदेश मीडिया प्रभारी तेजाराम चौधरी, दौलत राम जैन, गुमान सेवलीया, महेंद्र पाडिवाल, सुनिल, अशोक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान उपस्थित रहे।