PALI SIROHI ONLINE
इंटर डिस्कॉम तबादलों पर बनेगी कमेटी – ऊर्जा राज्यमंत्री, डिस्कॉम कर्मचारियों की समस्या पर राज्य सरकार की सहानुभूति
जयपुर, 20 फरवरी। ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर ने शुक्रवार को विधान सभा में कहा कि विद्युत निगम में कार्यरत कर्मचारियों के लंबे समय से स्थानांतरण नहीं होने की समस्या के समाधान के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित की जाएगी। इस समिति के माध्यम से कर्मचारियों के स्थानांतरण संबंधि समस्याओं पर विचार किया जाएगा।
शून्य काल के दौरान विधायक भागचंद टांकड़ा के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर जवाब देते हुए ऊर्जा राज्य मंत्री ने कहा कि तीनों विद्युत वितरण निगम स्वतंत्र कंपनियां हैं और उनकी अलग-अलग कैडर व्यवस्था है। इसलिए तकनीकी रूप से इंटर डिस्कॉम तबादले संभव नहीं हो पाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों पर राज्य सरकार सहानुभूतिपूर्वक निर्णय लेगी। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा एक उच्च स्तरीय समिति बनाकर कर्मचारियों के हितों में निर्णय लिया जाएगॉ।
