PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-गर्मी की छुट्टियों में अगर परिवार के साथ ट्रेन से सफर की तैयारी कर रहे हैं तो घर से निकलने से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर देख लें। उत्तर-पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल स्थित कनकपुरा स्टेशन यार्ड में महत्वपूर्ण नॉन-इंटरलॉकिंग (तकनीकी) कार्य किया जाएगा, जिसका असर रेल यातायात पर पड़ेगा।
भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस 7 दिन रहेगी पूरी तरह रद्द
जोधपुर से भोपाल जाने वाले यात्री ध्यान दें। ट्रेन संख्या 14814 (भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस) 3 से 5 मई, 8 मई और 12 से 14 मई तक कुल सात ट्रिप के लिए पूरी तरह रद्द रहेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 14813 (जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस) भी 2 से 4 मई, 7 मई और 11 से 13 मई तक सात ट्रिप के लिए पटरियों पर नहीं दौड़ेगी।
जैसलमेर-जयपुर लीलण एक्सप्रेस का सफर रहेगा अधूरा
ट्रेन संख्या 12467 (जैसलमेर-जयपुर लीलण सुपरफास्ट) 4 से 6 मई, 9 व 10 मई और 12 से 15 मई तक केवल जैसलमेर से फुलेरा के बीच ही चलेगी। यह ट्रेन फुलेरा से जयपुर के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 12468 (जयपुर-जैसलमेर लीलण सुपरफास्ट) 4 से 6, 9, 10 और 12 से 15 मई को जयपुर से फुलेरा के बीच रद्द रहेगी। यह ट्रेन फुलेरा तक ही चलेगी।
इन चार ट्रेनों का बदला गया रूट
तकनीकी काम के कारण चार प्रमुख ट्रेनों को उनके निर्धारित मार्ग के बजाय बदले हुए रास्तों से संचालित किया जाएगा।
ट्रेन संख्या 15013 (जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस) 12 मई को जैसलमेर से रवाना होकर फुलेरा-जयपुर-रेवाड़ी के बजाय फुलेरा-रींगस-रेवाड़ी मार्ग से चलेगी। वहीं रींगस, नीम का थाना व नारनौल स्टेशनों पर रुकेगी।
ट्रेन संख्या 15014 (काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस) 3 से 7, 8 और 12 मई को काठगोदाम से रवाना होकर रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा मार्ग से संचालित होगी। वहीं नारनौल, नीम का थाना व रींगस स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
ट्रेन संख्या 22674 (मन्नारगुड़ी-जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस) 4 मई को निर्धारित मार्ग जयपुर-फुलेरा-डेगाना के स्थान पर जयपुर-रींगस सीकर-चूरू-डेगाना मार्ग से चलेगी। वहीं रींगस, सीकर, चूरू व रतनगढ़ स्टेशनों पर रुकेगी।
ट्रेन संख्या 14662 (जम्मूतवी-बाड़मेर शालीमार एक्सप्रेस) 11 मई को जम्मूतवी से रवाना होकर रेवाड़ी-अलवर-जयपुर-फुलेरा के बजाय रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा रूट से चलेगी। यह ट्रेन नारनौल, नीम का थाना व रींगस में ठहराव करेगी।
देरी से चलेंगी मरुधर और रणथम्भौर एक्सप्रेस
कुछ ट्रेनों को री-शेड्यूल भी किया गया है। इसके तहत वे अपने प्रारंभिक स्टेशन से देरी से रवाना होंगी। 9 मई को ट्रेन संख्या 14854 (जोधपुर-वाराणसी सिटी मरुधर एक्सप्रेस) जोधपुर से 2 घंटे और 10 मई को ट्रेन संख्या 14866 (मरुधर एक्सप्रेस) 3 घंटे की देरी से रवाना होगी। इसके अलावा 12 मई को ट्रेन संख्या 12465 (इंदौर-जोधपुर रणथम्भौर सुपरफास्ट एक्सप्रेस) इंदौर से 3 घंटे देरी से चलेगी।
रास्ते में रोकी (रेगुलेट) जाएंगी ये गाड़ियां
कनकपुरा यार्ड के काम के चलते कई ट्रेनों को जयपुर मंडल में बीच रास्ते में रेगुलेट (रोका) किया जाएगा। ट्रेन संख्या 12467 (जैसलमेर-जयपुर एक्सप्रेस) 29 अप्रेल को 20 मिनट रेगुलेट रहेगी। ट्रेन संख्या 14863 (वाराणसी सिटी-जोधपुर मरुधर एक्सप्रेस) 3, 5, 9 और 12 मई के साथ-साथ 4 व 14 मई को भी 40 मिनट रोकी जाएगी। ट्रेन संख्या 15013 (रानीखेत एक्सप्रेस) 9 व 10 मई को 15 मिनट और ट्रेन संख्या 14865 (मरुधर एक्सप्रेस) 14 मई को जयपुर मंडल में 40 मिनट रेगुलेट रहेगी।
कनकपुरा स्टेशन पर नहीं रुकेंगी ये ट्रेनें
यात्रियों को ध्यान रखना होगा कि 11 मई को ट्रेन संख्या 14814 (भोपाल-जोधपुर) और ट्रेन 12468 (जयपुर-जैसलमेर लीलण सुपरफास्ट) कनकपुरा स्टेशन पर नहीं रुकेंगी। इसी तरह 12 मई को ट्रेन संख्या 22977 (जयपुर-जोधपुर इंटरसिटी सुपरफास्ट) और 14814 (भोपाल-जोधपुर) का कनकपुरा में ठहराव नहीं होगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से असुविधा से बचने के लिए यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है।
