PALI SIROHI ONLINE
पुष्पेंद्र सिंह राणावत के प्रयास सफल, फालना PHC बना CHC
फालना क्षेत्र के दो दर्जन गांवों को मिलेगा बेहतर इलाज
बाली विधानसभा क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में फालना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में क्रमोन्नत कर दिया गया है। यह निर्णय बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप संभव हुआ है।
बाली ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. हितेंद्र बागोरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि फालना शहरी एवं औद्योगिक क्षेत्र होने के साथ-साथ बाली, बेड़ा और नाना के बीच एक महत्वपूर्ण चिकित्सा केंद्र है। यहां पहले से राज्य सरकार द्वारा आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही थीं, लेकिन क्षेत्र की बढ़ती आबादी और आसपास के करीब दो दर्जन गांवों एवं ढाणियों की जरूरतों को देखते हुए इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नत करना आवश्यक था।
विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा मंत्री से व्यक्तिगत मुलाकात कर फालना चिकित्सालय से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा की थी। उनके आग्रह पर बजट घोषणा के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने फालना PHC को CHC में क्रमोन्नत करने की घोषणा की।
विधायक के निजी सहायक हिम्मत सिंह बीजापुर ने बताया कि इस निर्णय से फालना सहित आसपास के दो दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर की सुविधाएं—जैसे विशेषज्ञ चिकित्सक, बेहतर आपातकालीन सेवाएं और विस्तृत उपचार व्यवस्था—स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी।
फालना को CHC का दर्जा मिलने से बाली विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी की लहर है। क्षेत्रवासियों ने इसे विधायक के प्रयासों की बड़ी उपलब्धि बताते हुए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है।

