PALI SIROHI ONLINE
पाली- फालना रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में यात्रियों से रुपए (खर्ची) मांगने को लेकर किन्नरों के दो गुटों में मंगलवार को झगड़ा हो गया। रेलवे स्टेशन पर ही एक गुट ने दूसरे गुट के किन्नर के घूंसे मारे। बाल पकड़कर घसीटते हुए मारपीट की।
किन्नरों के बीच मारपीट को देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस बीच एक किन्नर ने प्लेटफॉर्म से रवाना हो रही ट्रेन की चेन खींच ली, जिससे एक्सप्रेस ट्रेन करीब 6 मिनट तक लेट हो गई।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों गुटों के बीच मारपीट साफ दिखाई दे रही हैं।
मामला फालना रेलवे स्टेशन का है, जहां मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे घटना हुई। मामले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने 4 किन्नरों को गिरफ्तार किया है।
अजमेर से आकर पाली में खर्ची लेने का आरोप
पाली जिले के इन्द्रवाड़ा (रानी) निवासी श्रवण कुमार, पालनपुर निवासी मिनाहक का आरोप है कि अजमेर क्षेत्र के दिव्या और जन्नत उनके क्षेत्र में आकर ट्रेनों में सफर कर यात्रियों से रुपए मांगती हैं।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो मारपीट में बदल गई। दोनों ने एक-दूसरे को बुरी तरह पीटा। बाल पकड़कर घसीटा। इस दौरान एक किन्नर के कपड़े तक फाड़ दिए गए।
चेन पुलिंग के कारण ट्रेन 6 मिनट लेट हुई
मारपीट के बीच मिनाहक ने प्लेटफॉर्म से रवाना हो रही गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़कर चेन पुलिंग कर दी। इससे ट्रेन करीब 6 मिनट लेट हो गई। घटना को लेकर यात्रियों ने भी रोष जताया और माहौल खराब करने पर किन्नरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
4 जनों को किया गिरफ्तार
मामले में फालना RPF के ASI सांवरमल ने बताया- मामले में पाली जिले के इंद्रवाड़ा निवासी श्रवण कुमार, पालनपुर क्षेत्र निवासी मिनाहक, अजमेर देहली गेट क्षेत्र निवासी दिव्या और सोमलपुर अजमेर निवासी जन्नत को गिरफ्तार किया है।


