• March 19, 2026

बारिश से ईसबगोल सहित कई फसलें बर्बादः 70 प्रतिशत तक नुकसान, किसान बोले- सर्वे करवाकर मुआवजा मिले

PALI SIROHI ONLINE

डूंगरी-क्षेत्र में बीती रात हुई बेमौसम बारिश से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। ईसबगोल, जीरा, सरसों, रायड़ा और गेहूं जैसी प्रमुख फसलें प्रभावित हुई हैं।अचानक बदले मौसम के कारण खेतों में पककर तैयार खड़ी फसलें गिर गईं। इससे न केवल उत्पादन प्रभावित हुआ है, बल्कि दानों की गुणवत्ता पर भी असर पड़ा है। किसानों के अनुसार, कई स्थानों पर कटाई का काम शुरू हो चुका था, लेकिन बारिश से लगभग 70 प्रतिशत तक फसल बर्बाद हो गई।

कई खेतों में पानी भर जाने से फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। कर्ज लेकर खेती करने वाले किसानों के सामने अब आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। इस समस्या को लेकर किसानों ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने विशेष गिरदावरी सर्वे कराने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

किसानों ने फसल बीमा क्लेम को भी जल्द जारी करने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र राहत नहीं मिली तो उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। प्रशासन से इस मामले में त्वरित कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

ज्ञापन सौंपते समय भगवाना राम माली, ओम प्रकाश चौधरी, अर्जुन राम माली, ईशाराम, छोगाराम, दुदा राम, तारा राम, डालू राम आसू, पांचाराम माली, नगा राम और रेखाराम सहित कई किसान मौजूद रहे।

About The Author

You cannot copy content of this page