PALI SIROHI ONLINE
डूंगरपुर-डूंगरपुर के धंबोला थाना क्षेत्र के बांसिया गांव में कोदरिया मोड़ के पास शनिवार रात एक अज्ञात वाहन ने बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया। वाहन बुजुर्ग को करीब एक किलोमीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं शव से करीब 500 मीटर दूर कटा हुआ पैर मिला। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस बुजुर्ग की पहचान के प्रयास में जुटी है।
धंबोला थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान खान ने बताया कि रात को सूचना मिली कि बांसिया गांव के कोदरिया मोड़ पर एक बुजुर्ग का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि बुर्जुग का शव घसीटा हुआ था। वहीं उसका एक पैर कटा हुआ था। शरीर जगह-जगह से छिला हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने मौका मुआयना किया। शव से करीब 500 मीटर पहले कटा हुआ पैर भी पड़ा था। ऐसे में पुलिस ने प्रारंभिक रूप में किसी अज्ञात वाहन से बुजुर्ग को चपेट में लेने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को मौके से उठवाकर सीमलवाड़ा अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी पहचान के प्रयास में जुटी है।