PALI SIROHI ONLINE
महुवा। राजस्थान के दौसा जिले में दो दिन पहले परिणय सूत्र में बंधी दुल्हन के फरार होने का मामला सामने आया है। इसको लेकर दूल्हे की माता व अन्य परिजनों ने महुवा पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दी है। दरअसल, 3 दिसंबर को जिस महिला के गले में मंगलसूत्र डाला था, वह दो दिन बाद दूल्हे के घर से रफूचक्कर हो गई।
पुलिस के अनुसार दूल्हे की मां पुष्पा देवी को अपने बेटे धर्मेंद्र जोशी की शादी करनी थी। दो माह पहले दूल्हे की मां की मुलाकात गहनोली निवासी सुमरन जाटव से हुई। जिसने बताया कि वह अपने मिलने वाले की बेटी से धर्मेंद्र की शादी करवा देगा, लेकिन उसके लिए 60 हजार रुपए और 10-12 ग्राम सोना तो देना होगा। इस पर उसने सहमति जता दी।
मंदिर में हुई शादी
3 दिसंबर को दलाल सुमरन जाटव बड़ा गांव जलालपुर जिला अंबेडकर नगर उत्तर प्रदेश निवासी काजल पुत्री रामनाथ निवासी को महुवा लाया और उसे दुल्हन बनाकर मंदिर में धर्मेंद्र से शादी करवा दी। इसी दौरान दूल्हे ने दुल्हन काजल के गले में मंगलसूत्र भी पहना दिया।
दो दिन बाद ही दुल्हन फरार
पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 5 दिसंबर को सुबह काजल कमरे में नहीं मिली तो उसे आसपास तलाश किया, लेकिन वह फरार हो गई। इस संबंध में दूल्हे धर्मेंद्र जोशी की मां ने पुलिस को दलाल सुमरन जाटव पर धोखाधड़ी से शादी कराकर रुपए व गहने हड़पने की शिकायत दी है। इस पर महुवा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।