PALI SIROHI ONLINE
पाली-शराब पार्टी के लिए खाने राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार करने पर वन विभाग ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक कार, मृत मोर और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
रात को जंगल में संदिग्ध हालत में घूमते मिले युवक
वन विभाग सादड़ी के रेंजर जितेन्द्र सिंह ने बताया- सोमवार रात करीब 9 बजे देसूरी रेंज के सुरवानिया माताजी मगरी क्षेत्र में गश्त के दौरान टीम को एक कार संदिग्ध अवस्था में घूमती नजर आई। जांच के दौरान पता चला कि कार में सवार युवक राष्ट्रीय पक्षी मोर सहित अन्य वन्यजीवों के शिकार की नीयत से जंगल क्षेत्र में आए थे।
तलाशी में कार से मिला मृत मोर और विस्फोटक सामग्री
गश्ती टीम ने कार की तलाशी ली तो उसमें एक मृत मोर और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। इसके बाद टीम ने मौके पर ही चारों युवकों को हिरासत में ले लिया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
सुजल पुत्र महेंद्र निवासी सादड़ी, लक्की पुत्र महेंद्र निवासी सादड़ी, बंटी पुत्र प्रकाश निवासी सादड़ी, गोविंद पुत्र किशोर निवासी सांचौर को गिरफ्तार कर कब्जे से कार, मृत मोर और विस्फोटक सामग्री जब्त की गई।
कोर्ट में पेशी के बाद भेजे गए जेल
वन विभाग ने सभी आरोपियों को मंगलवार को देसूरी कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर चारों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

