PALI SIROHI ONLINE
चित्तौड़गढ़-चित्तौड़गढ़ के कृष्णधाम श्री सांवलिया जी मंदिर में करीब डेढ़ महीने बाद भंडार खोला गया। राजभोग आरती के बाद भंडार को खोला गया और फिर काउंटिंग का काम शुरू हुआ।
पहले दिन दानपात्रों से निकली नकद राशि की गिनती की गई, जिसमें 10 करोड़ 65 लाख रुपए सामने आए। गिनती मशीन और हाथ दोनों तरीकों से शाम तक चलती रही।
कड़ी सुरक्षा में हुई काउंटिंग
सुबह से ही मंदिर परिसर में सुरक्षा के खास इंतजाम रहे। कर्मचारियों और अधिकारियों की मौजूदगी में नोटों के बंडल निकाले गए और उनकी गिनती की गई। मंदिर में रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, जिससे भंडार में हर बार अच्छी राशि जमा हो जाती है।5 मार्च को होगा दूसरा राउंड, ग्रहण और महोत्सव के कारण ब्रेक
मंदिर प्रशासन के अनुसार काउंटिंग का दूसरा राउंड अब 5 मार्च को किया जाएगा। 3 मार्च को चंद्र ग्रहण और सूतक का प्रभाव रहेगा, इसलिए उस दिन गिनती नहीं होगी। इसके अलावा बुधवार को फूलडोल महोत्सव है, जिस कारण भी काउंटिंग का काम रोका जाएगा।
मंदिर में धार्मिक परंपराओं का पूरा ध्यान रखा जाता है, इसलिए ग्रहण और सूतक के समय कोई भी महत्वपूर्ण काम नहीं किया जाता। फूलडोल महोत्सव के दौरान मंदिर में भक्तों की भीड़ ज्यादा रहती है, इसलिए प्रशासन ने व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए गिनती को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है।
अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और परंपराओं दोनों को देखते हुए यह शेड्यूल तय किया गया है। दूसरे राउंड में बाकी नकद राशि की गिनती आगे बढ़ाई जाएगी और पूरी प्रक्रिया पहले की तरह ही नियमों के अनुसार होगी।
साल में एक बार खास दिन पर खुलता है भंडार, हर महीने भी तय तारीख
मंदिर में भंडार खोलने की एक तय परंपरा है। साल में सिर्फ एक बार पूर्णिमा से पहले आने वाली चतुर्दशी के दिन विशेष रूप से भंडार खोला जाता है।
इसके अलावा हर महीने अमावस्या से पहले चतुर्दशी पर भी भंडार खोला जाता है। यह व्यवस्था लंबे समय से चली आ रही है और मंदिर मंडल उसी के अनुसार काम करता है।
चंद्रग्रहण के कारण दो दिन बाद खुलेगा भंडारा। भंडार खोलने से पहले आरती और अन्य धार्मिक प्रक्रियाएं पूरी की जाती हैं। मंदिर की सीईओ प्रभा गौतम ने बताया कि राजभोग आरती के बाद ही भंडार खोला गया।
उन्होंने कहा कि काउंटिंग पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है और मंदिर मंडल के पदाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं।पिछली बार 35.40 करोड़ से ज्यादा निकले थे
जनवरी में खुले भंडार से 35 करोड़ 40 लाख 93 हजार 313 रुपए प्राप्त हुए थे। इस बार अब तक पहले दिन 10.65 करोड़ रुपए की गिनती हो चुकी है। अंतिम आंकड़ा दूसरी काउंटिंग के बाद जारी किया जाएगा।
मंदिर प्रशासन के अनुसार श्रद्धालुओं की आस्था और परंपराओं का सम्मान करते हुए हर निर्णय लिया जाता है, इसलिए चंद्रग्रहण के कारण गिनती दो दिन बाद फिर शुरू होगी।
अभी नकद राशि की पूरी गिनती बाकी है। इसके साथ ही ऑनलाइन आने वाली राशि का हिसाब और सोने-चांदी का तौल आखिरी दिन किया जाएगा। जब पूरी काउंटिंग खत्म होगी, तब कुल राशि का अंतिम आंकड़ा जारी किया जाएगा।
