PALI SIROHI ONLINE
बेंगू-चित्तौड़गढ़ में कॉन्स्टेबल ने महिला कॉन्स्टेबल को गोली मारकर खुद को भी शूट कर लिया। बेगूं थाने से महज 100 मीटर दूर किराए के मकान में सोमवार शाम 6:30 बजे यह घटना हुई। कॉन्स्टेबल डीएसपी अंजलि सिंह का गनमैन है।
दोनों कॉन्स्टेबल प्रोबेशन पर है और एक ही मकान में अलग-अलग कमरों में रहते थे। रोल कॉल के बाद सियाराम अपने कमरे में सर्विल पिस्टल लेकर बैठा था। जैसे ही पूनम कमरे में घुसी, सियाराम ने उसके सीने में गोली मार दी और फिर खुद को भी शूट कर लिया।
गोली चलने की आवाज सुनकर पुलिसकर्मी और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दोनों को गंभीर हालत में बेगूं उप जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से दोनों को चित्तौड़गढ़ रेफर कर दिया गया है। जिला अस्पताल में दोनों को ICU में एडमिट करवाया गया था।
घटना की सूचना पर कलेक्टर आलोक रंजन और एसपी सुधीर चौधरी समेत आला अधिकारी अस्पताल पहुंचे। हॉस्पिटल के सारे गेट बंद कर दिए गए हैं। महिला कॉन्स्टेबल की हालत गंभीर होने के कारण उदयपुर रेफर किया गया। वहां पर ऑपरेशन की बात की जा रही है।
गोली महिला कॉन्स्टेबल के सीने के पार हुई
बेगूं अस्पताल के डॉ वैभव सुराणा ने बताया कि महिला कॉन्स्टेबल के गोली बाएं तरफ सीने से पार हो गई। जबकि कॉन्स्टेबल सियाराम ने खुद गर्दन के पास जबड़े पर गोली मारी।
प्रत्यक्षदर्शी महिला कॉन्स्टेबल हुई बेहोश
बताया गया कि घटना की प्रत्यक्षदर्शी महिला कॉन्स्टेबल दिव्या सिंह बेहोश हो गई। इसे बेगूं अस्पताल ले जाया गया। बताया गया कि कॉन्स्टेबल सियाराम, पूनम और दिव्या तीनों एक मकान में अलग-अलग कमरे में रहते हैं। सियाराम और पूनम को गोली लगने से लहूलुहान हालत में दिव्या ने देखा तो वह बेहोश हो गई। घटना स्थल वाले मकान पर पुलिस तैनात की गई है। कॉन्स्टेबल सियाराम कोटा का रहने वाला है और महिला कॉन्स्टेबल पूनम दौसा जिले की बताई जा रही है।
एसपी बोले-दोनों में क्या विवाद था?, जानकारी जुटाई जा रही है
चित्तौड़गढ़ एसपी सुधीर चौधरी ने कहा- बेगूं में हमारे में कॉन्स्टेबल ने महिला कॉन्स्टेबल को गोली मार दी है। दोनों को सीरियस हालत में चित्तौड़गढ़ लाया गया है। यहां इनका इलाज चल रहा है। दोनों में क्या विवाद था? इसके बारे में जानकारी ली जा रही है। पुलिस टीम मामले की जांच में लग गई है।