PALI SIROHI ONLINE
बाली उपखंड के चामुंडेरी ग्राम में श्री मारू कुमावत परमार समाज द्वारा चतुर्थ होली स्नेह मिलन समारोह एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की एकता, शिक्षा प्रोत्साहन एवं सामाजिक सहयोग की भावना देखने को मिली।
समाज सेवी छगन प्रजापत ने बताया कि समारोह के दौरान समाज के भामाशाहों, समाजसेवियों एवं प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर कुल 40 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समाज के वरिष्ठजनों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने और समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन वार्ड पंच कैलाश प्रजापत ने किया।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, गणमान्य नागरिक एवं समाज बंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन तथा सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
समारोह का समापन होली पर्व की शुभकामनाओं एवं आपसी स्नेह के संदेश के साथ किया गया।




