PALI SIROHI ONLINE
पाली। पीएमएसएमए में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को हुआ सम्मान, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के जिला स्तरीय समारोह आयोजित, जिले के 12 चिकित्सा संस्थानों के प्रभारी चिकित्साधिकारियों को सीएमएचओ ने दिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान कार्यक्रम का जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर स्थित स्वास्थ्य भवन में आयोजित किया गया। समारोह में पीएमएसएमए कार्यक्रम में सराहनीय कार्य करने वाले चामुंडेरी चिकित्सा अधिकारी डॉ राहुल सेन सहित 12 चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सा अधिकारियों को सीएमएचओ डॉ.विकास मारवाल द्वारा पुरस्कृत किया गया।
इस मौके पर सीएमएचओ डॉ.विकास मारवाल ने कहा कि प्रधानमन्त्री सुरक्षित मातृृत्व अभियान का मुख्य उददेश्य गर्भवती महिलाओं को गुणवत्ता पूर्ण प्रसव पूर्व सेवायें स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं चिकित्सक द्वारा प्रदान कर उनका सुरक्षित प्रसव चिकित्सा संस्थान पर कराना है। प्रत्येक माह की 9, 18 व 27 तारीख को जिला अस्पताल, उपजिला अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रो, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व पांच शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पीएमएसएमए का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि राज्य में जून 2016 से जब यह अभियान प्रारंभ किया गया तब से अब तक बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं लाभान्वित हुई है।
उन्होंने बताया कि अभियान के अन्तर्गत गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व जांच सेवायें प्रदान की जा रही है। साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं का चिन्हिकरण, उपचार एवं फॉलोअप किया जा रहा है।
अभियान में वित्तीय वर्ष 2024-2025 में 12 चिकित्सा संस्थान द्वारा निम्न श्रेणियों अर्थात् अधिकतम लाभार्थी, 12 सप्ताह पूर्व पंजीयन, अधिकतम 04 या 04 से अधिक जांचे, अधिकतम उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं का चिन्हिकरण कर उत्कृष्ठ सेवायें गर्भवती महिलाओं को दिये जाने को लेकर शुक्रवार को पाली के स्वास्थ्य भवन में आयोजित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के जिला स्तरीय पुरस्कार समारोह में बेहतरीन कार्य करने पर जिला अस्पताल सोजत व उप जिला अस्पताल सुमेरपुर के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानी, सादड़ी, कोसेलाव, सांडेराव, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोडिया, चामुंडेरी, चांचोड़ी, अटबडा व सारण तथा राजकीय शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टैगोर नगर के चिकित्सा अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर बांगड़ अस्पताल के अधीक्षक डॉ.कैलाश परिहार, एडिशनल सीएमएचओ डॉ.जीतकुमार गुर्जर, डिप्टी सीएमएचओ डॉ.वेदांत गर्ग, आरसीएचओ डॉ.विजेन्द्रपाल सिंह चूंडावत, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ उजमा जबीन, सोजत के पीएमओ डॉ.राजेश गुप्ता, सुमेरपुर पीएमओ डॉ.महीपाल परमार, डीपीएम भवानीसिंह, डीएएम प्रवीण राणासरिया, सभी बीसीएमओ सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी, बीपीएम सहित पुरस्कृत होने वाले चिकित्सा अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

