PALI SIROHI ONLINE
बाली उपखण्ड के चामुंडेरी ग्राम में अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीणों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। आज बुधवार को गांव में 3 घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, बिजली कटौती का यही हाल पिछले 3 दिनों से चल रहा जिससे आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से लगातार बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली काटी जा रही है। अभी गर्मी का मौसम पूरी तरह शुरू भी नहीं हुआ है, इसके बावजूद बिजली कटौती हो रही है। ऐसे में लोगों को चिंता है कि जब तेज गर्मी पड़ेगी तब हालात और भी खराब हो सकते हैं।
बिजली नहीं होने से पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्य और छोटे व्यापार प्रभावित हो रहे हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से नियमित और सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

