चामुण्डेरी में अर्बुदा माता मंदिर पर नवरात्रि महोत्सव की धूम, देर रात भजनों पर झूमे श्रद्धालु
PALI SIROHI ONLINE
बीजापुर के निकट चामुण्डेरी ग्राम में मेफावत पंवार समाज की कुलदेवी अर्बुदा माता जी मंदिर में चल रहे नवरात्रि महोत्सव के तहत इन दिनों भक्तिमय माहौल बना हुआ है। मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया है और प्रतिदिन माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में आयोजित भजन संध्या में स्थानीय भजन गायक कलाकार कैलाश कुमावत ने माताजी की आराधना में एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। उनके मधुर भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर नृत्य करते नजर आए और पूरे परिसर में “जय माता दी” के जयकारों से माहौल गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम में महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और माता रानी के चरणों में अपनी आस्था प्रकट की। नवरात्रि महोत्सव के चलते गांव में उत्साह और उमंग का वातावरण बना हुआ है, वहीं श्रद्धालु माता से सुख-शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
