PALI SIROHI ONLINE
बीकानेर-बीकानेर के लूणकरनसर उपखण्ड के ग्राम कालवास के बावरी मोहल्ला में बुधवार को घरेलू कलह से उपजी एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। आपसी अविश्वास और लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक तनाव ने एक घर को पूरी तरह तबाह कर दिया।यहां 60 साल के धनपत बावरी ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी जीतो देवी (55) की पत्थर से वार कर हत्या कर दी और इसके बाद स्वयं फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। इस दोहरे हादसे से गांव में सनसनी फैल गई।
पोते ने देखा खौफनाक मंजर, तब हुआ खुलासा
घटना का खुलासा बुधवार सुबह उस समय हुआ, जब मृतक का पोता तनवीर स्कूल जाते समय मोबाइल चार्ज करने के लिए दादा-दादी के घर पहुंचा। घर की मडेरी से दादा धनपत को फंदे पर लटका देख वह घबरा गया। कमरे के भीतर उसकी दादी जीतो देवी खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। घर से आ रही तेज दुर्गंध ने अनहोनी की आशंका को और पुख्ता कर दिया। तनवीर ने तत्काल अपने पिता लखविन्द्र को सूचना दी, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी गई।
एक दिन पहले हुई थी हत्या, रात में की आत्महत्या
सूचना मिलते ही लूणकरनसर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला की मौत एक-दो दिन पहले हो चुकी थी, जबकि धनपत ने मंगलवार रात को फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। पुलिस को आंगन से खून से सना पत्थर मिला है, जिससे जीतो देवी के सिर पर वार कर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।
पुलिस अधिकारी मौके पर, एफएसएल व डॉग स्क्वॉड बुलाया
घटनास्थल पर पुलिस वृत्ताधिकारी रणवीर सिंह सांई, थानाधिकारी गणेश कुमार बिश्नोई और एसआई धर्मवीर धांगड़ पहुंचे। बाद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनवारीलाल मीणा ने भी मौका मुआयना किया। साक्ष्य संकलन के लिए बीकानेर से एफएसएल और डॉग स्क्वॉड टीम को भी बुलाया गया।
नशे की लत और पारिवारिक विवाद बना वजह
थानाधिकारी गणेश कुमार बिश्नोई ने बताया कि धनपत बावरी पत्नी के साथ बावरी मोहल्ला, कालवास में रहता था। उसके दो बेटे हैं, जो घरेलू कलह के चलते अलग-अलग स्थानों पर रहते हैं। मृतक के बेटे लखविन्द्र ने पुलिस को बताया कि उसका पिता भांग व अन्य नशे का आदी था और नशे की हालत में अक्सर गाली-गलौज व मारपीट करता था। इसी कारण दोनों बेटे काफी समय पहले घर छोड़कर अलग रहने लगे थे। पुलिस का मानना है कि लंबे समय से चला आ रहा तनाव और पारिवारिक विवाद इस खौफनाक घटना की मुख्य वजह रहा।
हत्या का मामला दर्ज, शव परिजनों को सौंपे
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मृतक के बेटे लखविन्द्र की रिपोर्ट पर धनपत बावरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

