PALI SIROHI ONLINE
बैंगलोर चेहर माता मंदिर में गुजरात से पधारे भूवाजियों का भव्य स्वागत, भक्तों को मिला आशीर्वाद
बैंगलोर (दलपतसिंह भायल )चेहर माता मंदिर, बैंगलोर में आस्था, श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत वातावरण उस समय देखने को मिला जब गुजरात से पधारे प्रतिष्ठित भूवाजियों ने अपने बैंगलोर प्रवास के दौरान मंदिर में दर्शन हेतु आए श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। मर्टोली (गुजरात) से चेहर माता के परम भक्त एवं भूवाजी किस्मत भाई तथा गुमानपुरा (गुजरात) से गोगाजी के भूवाजी विजय भाई के आगमन से मंदिर परिसर में उत्साह का माहौल बन गया।
भूवाजियों ने चेहर माता एवं गोगाजी महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना कर भक्तों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वचन प्रदान किए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने भूवाजियों का पुष्पहार, साफा व पारंपरिक सम्मान के साथ भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वसनाराम फ़ागोतरा, शंकर भाई एस. (आकोली), नारायण भाई अनखोल, मांगीलाल (आकोली) एवं केराराम मोरसिम सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने मिलकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाया और सामूहिक रूप से माता की आराधना की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है तथा आपसी भाईचारा, एकता और संस्कृति को मजबूती मिलती है। गुजरात से आए भूवाजियों के बैंगलोर प्रवास को श्रद्धालुओं ने सौभाग्यपूर्ण बताया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया तथा सभी श्रद्धालुओं ने माता के जयकारों के साथ आयोजन का समापन किया।

