PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-संत श्री लिखमीदास सेवा संस्थान (भीरु ग्रुप) के तत्वावधान में रविवार को क्षेमंकरी माता मंदिर तलहटी स्थित माली समाज भवन में जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न श्रेणियों में चयनित करीब 600 प्रतिभावान विद्यार्थियों को गोल्ड, सिल्वर, बैग, प्रशस्ति-पत्र व टिफिन बॉक्स देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुई।
मुख्य वक्ता नरेन्द्र परमार ने कहा कि लगातार अध्ययन से ही सफलता मिलती है। उन्होंने युवाओं से नशे और विकारों से दूर रहने की अपील की। डिस्कॉम के अधिशाषी अभियंता भरत देवड़ा ने कहा कि प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत सही मार्गदर्शन की है।
मुख्य वक्ता तगाराम माली ने युवाओं को मोबाइल का सदुपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि दूसरों की स्टोरी देखने की बजाय अपनी स्टोरी गढ़ें। प्रधानाचार्य हंजारीमल सुंदेशा ने बोर्ड परीक्षाओं को लेकर सजग रहने का आह्वान किया। फुले ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीपी सैनी ने शिक्षा के अधिकार और सामाजिक जागरूकता पर जोर दिया।

