भीनमाल में ज्वेलर 452 ग्राम सोना लेकर फरारः आभूषण बनाने के लिए दिया था, ना आभूषण बनाए ना वापस दिया, दुकान बंद कर भागा
PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-भीनमाल में एक ज्वेलर्स के साथ लाखों रुपए के सोने की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस थाना भीनमाल में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार आरोपी घड़ाई के लिए लिया गया 452 ग्राम सोना लेकर फरार हो गया।मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित मफतलाल उर्फ नारायणलाल सोनी निवासी बड़ा चौहटा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें बताया कि वो सोने-चांदी के आभूषण बनाने का काम करता है और उसकी फर्म मफतलाल मनरूपजी सोनी के नाम से संचालित है।
पीड़ित ने बताया कि उसने आरोपी जीतू पुत्र रतीलाल सोनी, जिसकी दीपक ज्वैलर्स के नाम से भीलों के चौहटे में दुकान है। इसको 452 ग्राम सोना घड़ाई (आभूषण बनाने) के लिए दिया था। पीड़ित मफतलाल सोनी ने कई बार आरोपी से गहने तैयार करने का आग्रह किया, लेकिन आरोपी हर बार टालता रहा। बाद में आरोपी दुकान और मकान बंद कर फरार हो गया।
परिवादी का आरोप है कि आरोपी ने अन्य व्यापारियों के साथ भी इसी प्रकार की धोखाधड़ी की है। काफी तलाश के बावजूद आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला।
जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फिलहाल इस प्रकरण में कोई बरामदगी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है।

