PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-भीनमाल पुलिस ने गुरुवार को संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर बजरी से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कीं और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। सीआई राजेंद्रसिंह राजपुरोहित ने बताया कि अवैध खनन माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस जाब्ते की अलग-अलग टीमें गठित कर गश्त करवाई जा रही थी।
पुलिस की पहली टीम ने रोपसी नदी क्षेत्र में गश्त के दौरान एक बिना नंबर की बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका। मौके पर बजरी परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहन को जब्त कर चालक रेवाराम पुत्र करमीराम भील निवासी रोपसी को गिरफ्तार कर लिया गया।
इसी क्रम में, दूसरी टीम ने आलडी नदी क्षेत्र में गश्त के दौरान एक अन्य बिना नंबर की बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी। वैध कागजात नहीं मिलने पर वाहन को जब्त किया गया और चालक मुकेश कुमार पुत्र प्रहलादराम भील निवासी आलडी को हिरासत में लिया गया।
तीसरी पुलिस टीम ने क्षेमंकरी माता रोड, भीनमाल पर गश्त करते हुए एक और बिना नंबर की बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की। इस मामले में चालक कांतिलाल पुत्र छगनाराम भील निवासी आलडी को गिरफ्तार किया गया। तीनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अवैध बजरी खनन व परिवहन से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन माफियाओं के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

